महेवागंज (खीरी)। फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के गांव के सुरजीपुरवा में ईसाई मिशनरी के धर्म परिवर्तन के प्रयास के मामले में पुलिस ने पादरी समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को रामचंदी के आवास पर बीमार लोगों को स्वास्थ्य लाभ देने के नाम पर इकट्ठा किया गया था। एक पादरी के बुलावे पर प्रार्थना सभा की जा रही थी।
आरोप है कि इस दौरान देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी की गई। रुपये, जमीन और राशन का लालच देकर करीब 70 हिंदू ग्रामीणों को नदी किनारे ले जाकर धर्म परिवर्तन की कोशिश की जा रही थी। इसकी भनक लगते ही बजरंग दल के साथ ही अन्य हिंदू संगठन से जुड़े लोग मौके पर पहुंच गए और हंगामा किया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
हंगामा बढ़ता देख पादरी और उनके साथी मौके से भाग निकले। ग्रामीणों ने उस रोज पुलिस पर हीलाहवाली का आरोप लगाया था। दूसरे दिन सोशल मीडिया पर भी इसकी चर्चा फैल गई। मामले को तूल पकड़ता देख शनिवार देर शाम पुलिस ने रामचंद्री, राम सहारे, विजयपाल और पादरी समेत चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
प्रभारी निरीक्षक फूलबेहड़ संतोष कुमार सिंह ने बताया कि फरधान निवासी नितिन सैनी ने मामले में तहरीर दी है। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।