पुवायां। एक फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में तोड़फोड़ कर प्रबंधक को पीटने और मोबाइल तोड़ने के मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
फैजाबाद के गांव सरिवाया निवासी विजय सिंह ने बताया कि वह एक फाइनेंस कंपनी के पुवायां कार्यालय में प्रबंधक हैं। शाखा में गोला की वीरेंद्रनगर कॉलोनी निवासी अरविंद वर्मा भी कार्यरत हैं। 21 सितंबर की शाम अरविंद मां की तबीयत खराब होने की बात कहकर घर चले गए थे। 25 सितंबर की शाम साढ़े पांच बजे अरविंद के भाई ज्ञानप्रकाश वर्मा चार लोगों के साथ कार्यालय आकर अरविंद के बारे में पूछने लगे। आरोपी विजय से बहस और गालीगलौज करने लगे। मना करने पर कार्यालय में तोड़फोड़ की। पुलिस को फोन करने के दौरान आरोपियों ने मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया, जिससे वह टूट गया। आरोपियों ने विजय को पीटा और पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी भी दी। इंस्पेक्टर क्राइम राकेश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।