लखीमपुर खीरी। इंदिरा पार्क तिराहा (टेडुही) से एलआरपी तक सड़क चौड़ीकरण कार्य में लोक निर्माण विभाग ने बृहस्पतिवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। मेला मैदान के पास विभाग की जेसीबी अतिक्रमण करने वाले भवनों पर गरजी।
कई मकान के कुछ हिस्से और दुकानें गिराई गईं। कुछ भवन स्वामियों ने खुद ही अतिक्रमण हटा लिया। गन्ना समितियों के चुनाव की वजह से अभियान के समय पुलिस की मौजूदगी न के बराबर रही। गनीमत रही कि कोई बवाल नहीं हुआ।
लखीमपुर-शारदा नगर मार्ग सात मीटर चौड़ा है। बढ़ते यातायात की वजह से इसे चौड़ाकर दस मीटर किया जा रहा है। करीब पांच महीने पहले शुरू हुए चौड़ीकरण कार्य में अतिक्रमण समेत कई बाधाएं सामने आ रही हैं। शहर में कई मकान और दुकान अतिक्रमण के दायरे में है।
ऐसे भवनों को चिह्नित कर मालिकों को नोटिस दी जा चुकी है। नोटिस के बाद भी अतिक्रमण न हटाने पर बृहस्पतिवार को लोक निर्माण के अधिकारी और कर्मचारी की टीम जेसीबी लेकर मेला मैदान चौराहा पहुंची।
अतिक्रमण के लिए चिह्नित भवनों के हिस्से तोड़े जाने का कार्य शुरू हुआ। कई दुकानें भी तोड़ी दी गईं। जेसीबी देख कुछ भवन स्वामियों ने खुद ही अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया। अभियान में मकान-दुकान मिलाकर करीब 30 भवन तोड़े गए। इस अभियान में चौराहे का पुलिस सहायता केंद्र भी तोड़ा गया है।
-
समितियों के चुनाव का पड़ा असर
लोक निर्माण विभाग के अभियान पर गन्ना समितियों के चुनाव का असर पड़ा। चुनाव की वजह से मांग के सापेक्ष पुलिस बल नहीं पहुंच सका। कुछ पुलिस कर्मी ही मौजूद रहे। गनीमत रही कि अभियान के दौरान कोई विवाद नहीं हुआ।
खुद अतिक्रमण हटाने के लिए दिया तीन दिन का समय
एक्सईएन लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-एक हंसाराम ने बताया कि अभियान में 30 भवन तोड़े गए हैं। भवन स्वामियों ने खुद ही अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया है। इस वजह से भवन स्वामियों को तीन दिन का समय दिया गया है। समय बीतने के बाद अतिक्रमण न हटाने पर अभियान चलाया जाएगा।