लखीमपुर खीरी। लखनऊ विश्वविद्यालय से संबद्ध जिले के महाविद्यालयों के स्नातक, परास्नातक और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों के पास परीक्षा फाॅर्म भरने का आखिरी मौका है।
विषम सेमेस्टर दिसंबर-2026 की नियमित और इम्प्रूवमेंट परीक्षाओं के ऑनलाइन फाॅर्म 17 नवंबर तक भरे जा सकेंगे। इसके बाद तिथि नहीं बढ़ाई जाएगी। जिले के महाविद्यालयों के नोडल अधिकारी डॉ. हेमंत पाल ने बताया कि प्रथम सेमेस्टर समेत संबंधित पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी एनरोलमेंट नंबर से समर्थ स्टूडेंट्स लॉगिन बनाकर आवेदन कर सकते हैं। फाॅर्म में पाठ्यक्रम और प्रश्नपत्रों का चयन सावधानी से करें।
विश्वविद्यालय में सीधे प्रवेशित विद्यार्थियों को परीक्षा शुल्क नहीं देना होगा। उन्हें भरे हुए फाॅर्म का प्रिंट संबंधित कार्यालय में जमा करना होगा। संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को ऑनलाइन शुल्क जमा कर फाॅर्म की प्रति कॉलेज में देनी होगी।
महाविद्यालय विद्यार्थियों के फाॅर्म, माइग्रेशन और टीसी के साथ सूची तैयार कर शुल्क की रसीद संलग्न करेंगे। इसे 19 नवंबर तक लखनऊ विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग में जमा कराना होगा।
फाॅर्म में त्रुटि या समस्या होने पर विद्यार्थी 7991200609 और 7991200506 पर व्हाट्सएप या samarthexamlugmail.com पर ई-मेल कर सकते हैं।