डीएम कार्यालय के सामने धरना देते खाद व्यापारी। संवाद
लखीमपुर खीरी। खाद, पेस्टीसाइड और बीज विक्रेताओं ने बुधवार को हड़ताल कर डीएम कार्यालय के पास धरना दिया। उनका आरोप है कि सरकारी मशीनरी, होलसेल विक्रेताओं की मनमानी से वह परेशान हैं। खाद बीज विक्रेता संघ ने बंद का आह्वान करते हुए डीएम कार्यालय जाकर ज्ञापन सौंपा है।
बताया कि फुटकर विक्रेताओं के यूरिया के मूल्य निर्धारण व यूरिया के साथ टैग मटेरियल के संबंध में कोई सही जानकारी नहीं है। विभाग के द्वारा भी यूरिया का रेट निर्धारण नहीं किया गया है। संघ ने आरोप लगाया कि जिला कृषि अधिकारी फुटकर विक्रेताओं को यूरिया दिलाने में असफल रहे, उनके द्वारा संगठन को मौखिक जवाब दिया गया कि हमारी कोई जिम्मेदारी नहीं है। थोक विक्रेता यूरिया दें अथवा न दें।
संगठन की तरफ से मांग की गई है कि जिले में आने वाली रेक में उपलब्ध माल अधिक से अधिक दुकानदारों में वितरित किया जाए। किसी भी दुकानदार को 600 बैग यूरिया एक साथ न देकर कम से कम दो से तीन दुकानदारों में उसका वितरण करा दिया जाए, ताकि क्षेत्र में समान रूप से वितरण हो सके। धरने में खुदरा कृषि व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप कुमार शुक्ला, करुणेश गुप्ता, हरदयाल गुप्ता, मलिक मो. साकिब, नीरज गुप्ता समेत बड़ी संख्या में खाद व्यापारी मौजूद रहे।