सिकंदराबाद। थाना क्षेत्र नीमगांव में पंचायत घर में ही एक युवक ने महिला पंचायत सहायक को गला दबाकर मारने का प्रयास किया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सिकंदराबाद चौकी क्षेत्र के गांव बेलाबोझी निवासी स्वाति वर्मा ने पुलिस को बताया कि वह ग्राम पंचायत तेंदुआई में पंचायत सहायक हैं। 13 अक्तूबर को वह सरकारी कार्य करके घर वापस जा रही थीं। रास्ते में गांव के ही रंजीत ने उसे रोककर कहा कि राशन कार्ड और आवास के कागज बनाने को पहले भी कहा था। अगर मेरा आवास वाला काम नहीं हुआ तो तुम्हें जान से मार दूंगा। स्वाति वर्मा ने ग्राम प्रधान और रंजीत की मां से इसकी शिकायत की।
आरोप है कि 15 अक्तूबर को वह जब पंचायत घर में काम कर रही थीं, तभी रंजीत ने अंदर आकर दरवाजा बंद कर लिया। जमीन पर पटक कर जान से मार देने की नीयत से गला दबा दिया। वह किसी तरह छुड़ाकर बाहर निकलीं और शोर मचाकर लोगों को बताया।
घटना सीसी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस ने आरोपी रंजीत के खिलाफ हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। संवाद