लखीमपुर खीरी। मितौली क्षेत्र के एक गांव में एक व्यक्ति ने आठ साल की अपनी बेटी को हवस का शिकार बना लिया। मासूम की हालत बिगड़ी तो उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। यह घटना मंगलवार को हुई। मासूम की चाची की सूचना पर पुलिस ने पिता को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेश किए जाने के बाद बृहस्पतिवार को उसे जेल भेज दिया गया।
पड़ोस में रहने वाली बालिका की चाची ने बताया कि 14 अक्तूबर की दोपहर उसके जेठ ने अपनी ही मासूम पुत्री के साथ दुष्कर्म किया। मासूम की चीखें सुनकर वह मौके पर पहुंचीं। बच्ची की हालत देखकर वह दंग रह गईं। वह बेहाल मासूम को लेकर ओयल स्थित जिला अस्पताल पहुंचीं। चिकित्सकों का कहना है कि मासूम की हालत नाजुक है।
चाची ने आरोपी जेठ के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी तो पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर काफी देर उससे पूछताछ की। बृहस्पतिवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया। सीओ जितेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि पत्नी को जलाकर मार डालने के आरोप में वह जेल भेजा गया था। वह करीब एक साल पहले जमानत पर छूटकर घर आया था।