दुधवा जा रहे थे डीएम, पुलिस बल के समझाने पर हटे किसान
पलियाकलां। बीती चार जून से चीनी मिल केन ऑफिस में बकाया भुगतान को लेकर धरने पर बैठे किसानों ने मिल गेट के सामने से गुजरे डीएम के काफिले को गन्ना मंत्री का काफिला समझकर रोक लिया।
किसानों को सूचना मिली थी कि बुधवार को गन्ना मंत्री सुरेश पासी का दुधवा में आने का कार्यक्रम है। पूर्व निर्धारित योजना के तहत किसानों ने मिल गेट पर डेरा जमा लिया। भीरा रोड पर सरकारी काफिला देखकर किसानों ने गन्ना मंत्री को आता समझ डीएम के काफिले को रोक लिया, जबकि गन्ना मंत्री का दुधवा आने का कार्यक्रम निरस्त हो गया था। यह जानकारी सीओ राजेश कुमार ने किसानों को दी, तब किसानों ने डीएम का रास्ता छोड़ा।
बकाया गन्ना भुगतान की मांग को लेकर बेमियादी धरना शुरू
गोला गोकर्णनाथ। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण वर्मा की अगुवाई में बुधवार को गन्ना विकास समिति में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया गया।
गन्ना विकास समिति परिसर में धरने पर बैठे श्रीकृष्ण वर्मा ने कहा कि धनी लोग तो अपने बकाया गन्ने का भुगतान करा ले जा रहे हैं, लेकिन छोटे व मध्यम वर्ग के किसान बकाया गन्ना भुगतान चीनी मिल की गन्ना पेराई सत्र के आठ माह बाद भी पाने से वंचित हैं। जिलाध्यक्ष ने घोषणा की कि जब तक चीनी मिलें किसानों का बकाया समस्त भुगतान नहीं कर देतीं उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। शाम को धरना स्थल पर पहुंचे एसडीम अखिलेश यादव ने संगठन के पदाधिकारियों और बजाज चीनी मिल के अधिकारियों से वार्ता कर निराकरण कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर शिवदयाल वर्मा, नारायण लाल, रुकुम केस, राजीव वर्मा, विजय पाल शर्मा, सर्वेश कुमार, देव कुमार प्रजापति, कृष्ण मोहन आदि मौजूद रहे। संवाद