फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गन्ना विकास समिति के गेट पर किसानों ने जड़ा ताला, सचिव से तीखी नोकझोंक

विज्ञापन
मिल मालिक का पुतला फूंकते किसान।
विज्ञापन
समिति ने गोला चीनी मिल का इंडेंट रोका, धरना स्थगित, तीन दिसंबर को बजाज चीनी मिल का चक्का जाम करने की चेतावनी
विज्ञापन

गोला गोकर्णनाथ। बजाज चीनी मिल के बकाया भुगतान न करने पर परेशान किसानों ने बुधवार को गन्ना विकास समिति के गेट पर ताला जड़ दिया। किसान नेताओं द्वारा गन्ना विकास समिति के कार्यालय पर कब्जा किए जाने के कारण लगभग छह घंटे कामकाज ठप रहा। दोपहर बाद पहुंचे एसडीएम और सीओ ने उच्चाधिकारियों से बातकर कार्यवाही का आश्वासन दिया, जिस पर किसानों ने धरना प्रदर्शन स्थगित कर दिया। किसानों ने तीन दिसंबर को बजाज चीनी मिल का चक्का जाम करने की चेतावनी दी है।
मंगलवार की सुबह नौ बजे आप नेता रामनिवास वर्मा ने गन्ना विकास समिति के गेट में ताला जड़ दिया। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण वर्मा की अगुवाई में किसानों ने गन्ना विकास समिति के गेट के बाहर दरी बिछाकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
विज्ञापन

गेट पर मिल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए किसान नेताओं ने बकाया गन्ना भुगतान कराने व बजाज चीनी मिल के मालिक व प्रबंधन पर एफआईआर की मांग की। इसी दौरान गन्ना विकास समिति के कर्मचारी पीछे के छोटे गेट दरवाजे से अंदर जाकर दफ्तरों में काम में लग गए। जानकारी होने पर किसान नेताओं ने कर्मचारियों को कार्यालयों से बाहर बुलाकर कामकाज बंद करा दिया। इस दौरान प्रदर्शन कर रहे किसान नेताओं की सचिव नंदलाल माथुर से तीखी नोंकझोंक भी हुई। सूचना पर पहुंचे एसडीएम अविनाश चंद्र मौर्य और सीओ संजय नाथ तिवारी ने किसान नेताओं को आश्वासन दिया कि डीएम, सीडीओ और डीसीओ से वार्ता कर कार्यवाही की जाएगी। जिस पर किसान नेताओं ने धरना स्थगित कर दिया।
सचिव नंदलाल माथुर ने बताया कि एसडीएम के आदेश पर अन्य चीनी मिलों को छोड़कर गोला की बजाज चीनी मिल का इंडेंट रोक दिया गया है। अगला निर्णय अधिकारियों और किसान नेताओं की बैठक में लिया जाएगा। किसान नेताओं ने अधिकारियों के आश्वासन पर गन्ना विकास समिति को छह घंटे तक बंधक रखने के बाद धरना प्रदर्शन स्थगित कर दिया। उधर, किसान नेताओं ने पुलिस-प्रशासन को चकमा देकर गन्ना विकास समिति परिसर में गणना की होली जला दी।
किसान नेता श्रीकृष्ण वर्मा ने बाइक को बना दिया किसान रथ
राकिमसं जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण वर्मा ने अपनी बाइक को ही किसान रथ बना दिया। बताया कि अधिकारियों के आश्वासन पर धरना प्रदर्शन स्थगित किया गया है। बकाया गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर 3 दिसंबर को बजाज चीनी मिल का चक्का जाम किया जाएगा। जिसमें संगठन के प्रदेश अध्यक्ष प्रताप बहादुर और मंडल अध्यक्ष शकील अहमद शामिल होंगे। किसानों के आंदोलन से बहती गंगा में चुनाव के मद्देनजर हाथ धोने को राजनीतिक पार्टियां भी आ रही हैं। गोला चीनी मिल के विरुद्ध 30 नवंबर को कोतवाली गोला में मुकदमा दर्ज करने/ कराने को दी गई तहरीर पर डीएम बजाज चीनी मिल के चेयरमैन कुशाग्र बजाज व सभी संचालकों और युनिट हेड ओमपाल सिंह के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के आदेश कर, तीनों चीनी मिलों के अध्याशियों एवं कुशाग्र बजाज की गिरफ्तारी कराएं और किसानों का बकाया गन्ना मूल्य दिलायें और बजाज ग्रुप की तीनों चीनी मिलों के सट्टे काट कर पड़ोसी चीनी मिलों से संबद्ध कर दिए जाएं।
गन्ना समिति में किसानों ने डाला गन्ना, अब जलाने की चेतावनी
पलियाकलां। बकाया गन्ना भुगतान को लेकर किसानों का आंदोलन अब विकराल रूप लेने लगा है। चार दिन से किसान धरने पर बैठे हैं। अब तक कोई हल निकलता न देख मिल से पैदल मार्च निकालते हुए गन्ना समिति में एकत्र होकर गन्ना समिति में गन्ने की फांदी डाली। किसानों का कहना है कि एक-दो दिन में निर्णय न हुआ तो किसान गन्ना जलाने को मजबूर हो जाएंगे।
बुधवार को गुस्साए किसानों ने गन्ना समिति तक पैदल मार्च निकाला। इसके बाद प्रति किसानों ने दो-दो फांदी एकत्र कीं और सारा गन्ना समिति परिसर में लाकर डाल दिया। किसानों ने कहा कि धरने को शुरू हुए चार दिन हो गए हैं, लेकिन अब तक डीएम और जिला गन्ना अधिकारी ने किसानों की कोई सुध नहीं ली है। मिल प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर कराकर केवल खानापूर्ति की गई है, जबकि मिल मालिक के खिलाफ नहीं हुई है।
किसानों का कहना है कि जब तक कोई सटीक निर्णय नहीं लिया जाता है तब तक किसान आंदोलन जारी रखेंगे। पांच दिसंबर को शांतिपूर्ण रोष मार्च निकाला जाएगा। साथ ही किसानों ने चेतावनी दी कि दो दिन तक मिल का रुख देखा जाएगा। इसके बाद समिति परिसर में डाला गया गन्ना भी किसान जलाएंगे। किसानों ने साफ कहा कि बकाया भुगतान न होने तक अभी तो समिति में गन्ना डाला है इसके बाद तहसील मुख्यालय और फिर जिला मुख्यालय में गन्ना डालकर किसान धरना प्रदर्शन करेंगे। उधर, मिल परिसर में इंस्पेक्टर हरिकेश राय के साथ ही बड़ी संख्या में पुलिस और पीएसी बल मौजूद रहा।
किसानों ने मिल मालिक का पुतला जलाया
बिजुआ। भीरा केन सोसायटी परिसर में पिछले पांच दिनों से धरना दे रहे किसानों ने पलिया चीनी मिल मालिक के पुतले की शवयात्रा निकालकर उसमें आग लगा दी। किसानों का धरना लगातार पांचवें दिन भी जारी रहा। किसान मिल प्रबंधन से काफी नाराज हैं और मालिक पर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि जब तक पिछला भुगतान नहीं मिलेगा और आंदोलन करते रहेंगे। संवाद
विज्ञापन

बकाया भुगतान को लेकर किसानों ने सचिव को सौंपा ज्ञापन
संपूर्णानगर। संपूर्णानगर किसान सहकारी चीनी मिल ने पिछले सत्र का करीब 42 करोड़ बकाया गन्ना भुगतान नहीं किया है।
किसान संगठन ने खीरी-पीलीभीत सहकारी गन्ना विकास समिति संपूर्णानगर के सचिव सत्यदेव को ज्ञापन सौंपा है। जिसमें कहा गया है कि नया पेराई सत्र शुरू होने के बाद भी भुगतान नहीं किया जा रहा है। किसानों ने चार दिसंबर तक पिछला भुगतान कराने की मांग की है। ऐसा न करने पर जिला कृषि अधिकारी के खिलाफ मुकदमा करो की मांग करने की चेतावनी दी है। इस दौरान किसान धीरेंद्र नाथ त्रिपाठी, जगजीत सिंह, प्रमोद, चरनजीत सिंह, अमरीक सिंह, बलकार सिंह, इंद्रदीप सिंह बटन, दिलावरजीत सिंह आदि किसान मौजूद रहे। संवाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें