एसपी ने मितौली सर्किल के नीमगांव, मितौली, मैगलगंज थानों का किया निरीक्षण
मितौली/ सिकंद्राबाद। एसपी संजीव सुमन ने बुधवार को मितौली सर्किल के तीन थानों मैगलगंज, मितौली और नीमगांव का औचक निरीक्षण किया।
नीमगांव में एसपी ने परिसर का भ्रमण कर थाना कार्यालय, मालखाना, हवालात, मेस, बैरक, कंप्यूटर कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक को थाना परिसर की बाउंड्री कराने व माल के निस्तारण के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि पुलिस कर्मियों के द्वारा किसी भी व्यक्ति को थाने पर बैठाया जाता है तो उसे जीडी में अवश्य दर्ज करें। इसकी सूचना प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष को और पुलिस कंट्रोल रूम को अवश्य दी जाए।
एसपी ने अभिलेखों के व्यवस्थित रख-रखाव व उन्हें अद्यावधिक रखने के निर्देश दिए। मालखाने में माल मुकदमाती के व्यवस्थित रख-रखाव तथा नियमानुसार माल का विधिक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई से संबंधित शिकायती प्रार्थना पत्र के निस्तारण की समीक्षा की और महिला पुलिस कर्मियों को फरियादियों से अच्छा व्यवहार करने व उनकी समस्याओं को सुनकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
उधर, मितौली थाने का निरीक्षण करने के दौरान एसपी ने कहा कि प्रत्येक जनशिकायत का फीडबैक स्वयं प्रभारी निरीक्षक लेकर कार्रवाई करें। सीसीटीवी कैमरों के संचालन और उनकी नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। शस्त्रों के नियमित रूप से साफ-सफाई करने, समस्त पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान साफ-सुथरी एवं निर्धारित वर्दी धारण करने, अपराधियों पर सतत निगरानी करने, एचएस, टाप-10, एक्टिव लिस्ट जारी करने के निर्देश दिए। तीन वर्षों में जेल से छूटे अपराधियों का चौकी/हल्कावार लिस्ट बनाकर निगरानी करने के निर्देश दिए। इस दौरान मितौली थानाध्यक्ष सुनीत कुमार, नीमगांव इंस्पेक्टर गजेंद्र सिंह, मैगलगंज इंस्पेक्टर चिरंजीव मोहन सहित पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।