लखीमपुर खीरी। भूमि अधिग्रहण के विरोध में राजापुर और पिपरिया के ग्रामीणों ने लखनऊ में धरना-प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन और ज्ञापन से समस्या समाधान न होने पर ग्रामीणों ने यह कदम उठाया।
शहर से सटे गांव राजापुर और पिपरिया के ग्रामीण आवास विकास परिषद की आवास योजना में किए जा रहे भूमि अधिग्रहण का लंबे समय से विरोध कर रहे हैं। इस योजना में आवास विकास को करीब 317 एकड़ भूमि का अधिग्रहण है। इतनी भूमि अधिग्रहण हो जाने से राजापुर के 100 से अधिक किसान भूमिहीन हो जाएंगे। रोजी रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा।
इसी को लेकर ग्रामीणों ने जून में विलोबी हाल के सामने पानी की टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन किया था। बाद में कलक्ट्रेट में भी कई बार विरोध प्रदर्शन किया। योजना निरस्त करने और भूमि न देने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे 286 किसानों ने अपना प्रत्यावेदन भी आवास विकास के अधिकारियों को दिया, लेकिन समस्या का समाधान अब तक नहीं हुआ।
बुधवार को ग्रामीणों ने राजापुर भूमिधर किसान संगठन के बैनर तले लखनऊ जीपीओ पर धरना प्रदर्शन किया और ज्ञापन दिया।