पांच हजार रुपये और साइकिल गायब
खेत की रखवाली करने गए एक किसान का शव दो दिन बाद दुधवा रोड पर बिली अर्जन सिंह फार्म मोड़ के पास मिला। शरीर पर किसी प्रकार की चोट नहीं मिली है। मौत पर संशय बना हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मोहल्ला पठान तृतीय निवासी अब्दुल रहमान के 50 वर्षीय पुत्र फरीद अली का खेत ग्राम चंबरबोझ के पास है। घरवालों के मुताबिक वह शनिवार की सुबह खेत की रखवाली के लिए निकले थे। बताया गया है कि पांच हजार रुपये भी उनके पास थे। वह साइकिल से गए थे लेकिन नहीं लौटे। घरवालों ने सोचा कि शायद वह खेत पर ही रुक गए होंगे लेकिन रविवार तक न लौटने पर सोमवार को तलाश शुरू हो गई। उनका शव दुधवा रोड पर बिली अर्जन सिंह फार्म जाने वाले मोड़ के पास पड़ा मिला। सूचना पर पुलिस ने पड़ताल की। पुलिस के मुताबिक शरीर पर कहीं भी चोट आदि के निशान नहीं दिख रहे है। इससे मौत पर संशय बना हुआ है। मामले से पर्दा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही उठेगा। बताया गया है कि उनके पास रखे पांच हजार रुपये और उनकी साइकिल भी गायब है। बंशीनगर चौकी इंचार्ज छोटेलाल ने बताया कि कहीं भी चोट के निशान नहीं मिले हैं सही पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा और तभी आगे की कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।