पलिया में विधायक से वार्ता करते किसान। स्रोत: सोशल मीडिया
पलियाकलां। तिकोना फार्म क्षेत्र में हाथियों के लगातार उत्पात और फसलों के नुकसान से नाराज सैकड़ों किसान सोमवार को मझगईं रेंज कार्यालय पहुंच गए। किसानों ने विरोध जताते हुए हाथियों से फसलों की सुरक्षा के स्थायी इंतजाम कराने की मांग की।
मौके पर थाना प्रभारी ने किसानों से उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी से मिलने का आग्रह किया। किसानों की सहमति के बाद रेंजर की मौजूदगी में एसडीएम और सीओ के साथ बैठक हुई। इसमें हाथियों से बचाव के लिए जरूरी इंतजामों पर चर्चा हुई, लेकिन वन विभाग के बजट की समस्या के चलते तत्काल समाधान पर पेच फंस गया।
इसके बाद बड़ी संख्या में किसान विधायक रोमी साहनी के पास पहुंचे। किसानों की समस्या सुनकर विधायक ने वन विभाग के अधिकारियों से फोन पर वार्ता की। उन्होंने वन विभाग मुख्यालय और बेलरायां रेंजर राकेश तिवारी से बात कर अपनी निधि से धन उपलब्ध कराने की बात कही।
विधायक ने अधिकारियों से क्षेत्र में हाथियों से बचाव के लिए खाई और जाली फेंसिंग कराने को कहा। उन्होंने किसानों की समस्या का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह स्वयं किसानों के साथ धरने पर बैठेंगे।