फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खतौनी की तर्ज पर परिवार रजिस्टर भी होगा ऑनलाइन

विज्ञापन
demo photo - फोटो : istock
विज्ञापन
लखीमपुर खीरी। ग्राम पंचायतों में जीर्णशीर्ण हालत में पहुंच चुके परिवार रजिस्टर जल्द ही खतौनी की तर्ज पर ऑनलाइन उपलब्ध होंगे। सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने खाका तैयार किया है, जिसमें पहले पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर 15 ब्लॉकों की एक-एक ग्राम पंचायत के परिवार रजिस्टर को ऑनलाइन किया जाएगा। अब तक नकल प्राप्त करने के लिए ग्रामीणों को अधिकारियों के कई बार चक्कर लगाने पड़ते हैं।
विज्ञापन

जनपद में कुल 1165 ग्राम पंचायतें हैं, जिनके ग्रामीणों के परिवार के सदस्यों का संपूर्ण ब्योरा परिवार रजिस्टर में दर्ज होता है। इस रजिस्टर की देखरेख व अपडेट करने का दायित्व संबंधित ग्राम पंचायत के सचिव का होता है, लेकिन एक सचिव के पास करीब आधा दर्जन ग्राम पंचायतों का कार्यभार रहता है। इससे सचिव भी परिवार रजिस्टर की देखरेख नहीं करते हैं और न ही इसे अपडेट करते हैं। लिहाजा देखरेख के अभाव में परिवार रजिस्टर अपूर्ण रहते हैं या फिर उनके डाटा में कई तरह की त्रुटियां रहती हैं। लोगों को जब परिवार रजिस्टर के नकल की जरूरत पड़ती है, तो कई बार लोगों को त्रुटिपूर्ण नकल जारी कर दी जाती है। इसके अलावा परिवार रजिस्टर की नकल प्राप्त करने के लिए अधिकारियों के कई बार चक्कर लगाने पड़ते हैं। फिर भी समय पर नकल प्राप्त नहीं होती, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों की इन समस्याओं को दूर करने के लिए सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने खतौनी की तर्ज पर परिवार रजिस्टर को आनलाइन उपलब्ध कराने की योजना बनाई है। हालांकि सरकार की ओर से इस संबंध में कोई निर्देश नहीं दिए गए हैं, लेकिन सीडीओ ने इसे अपने ड्रीम प्रोजेक्ट के तौर पर पेश किया है। पहले पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर 15 ब्लॉकों की एक-एक ग्राम पंचायत का चयन किया जाएगा। इसमें लगने वाले समय व धनराशि व्यय का परिणाम जानने के बाद इस प्रोजेक्ट को धीरे-धीरे सभी ग्राम पंचायतों में लागू किया जाएगा। इस योजना पर अमल शुरू करने के लिए डीपीआरओ को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। चुनाव ड्यूटी से सभी अधिकारी व कर्मचारी मुक्त हो चुके हैं, जिससे इस योजना पर जल्द काम शुरू होने की उम्मीद है।
प्रत्येक ग्राम पंचायत के पास परिवार रजिस्टर रहता है, जिसमें उस ग्राम पंचायत में रहने वाले समस्त परिवारों का ब्योरा दर्ज किया जाता है। विभिन्न सरकारी कार्यों में परिवार रजिस्टर नकल लगाने की आवश्यकता पड़ती है, जिससे इसकी महत्वपूर्ण उपयोगिता है। लोगों को कम समय में परिवार रजिस्टर की नकल उपलब्ध कराने के लिए इसे ऑनलाइन करने की योजना पर काम किया जाएगा, जिससे लोगों को आनलाइन खतौनी की नकल की भांति परिवार रजिस्टर की नकल प्राप्त हो सकेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

- अनिल कुमार सिंह, सीडीओ
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें