लखीमपुर खीरी के मितौली क्षेत्र के खम्हरिया गांव में मंगलवार को हुई मारपीट में किशोरी लाल (60) की मौत हो गई। बुधवार को परिजनों और ग्रामीणों ने शव रखकर कस्ता-ममरी मार्ग जाम कर दिया। सीओ मितौली यादवेंद्र ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद जाम खुला।
लखीमपुर खीरी के मितौली क्षेत्र के खम्हरिया गांव में मंगलवार को हुई मारपीट में किशोरी लाल (60 वर्ष) की मौत के बाद बुधवार को परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने शव रखकर कस्ता-ममरी मार्ग जाम कर दिया। करीब आधे घंटे तक मार्ग पर आवागमन बाधित रहा। परिजन आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
विज्ञापन
मार्ग जाम की सूचना पर सीओ मितौली यादवेंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया। काफी देर तक समझाने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। इसके बाद पुलिस ने यातायात व्यवस्था सुचारू कराई। बताया गया कि मंगलवार को खम्हरिया गांव में मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों में विवाद हो गया था। विवाद के दौरान लाठी-डंडों से मारपीट में किशोरी लाल गंभीर रूप से घायल हो गए थे।अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई थी।
सात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
घटना में मृतक के पुत्र रजनीश, आदेश, पत्नी किरन और पोते को भी चोटें आई थीं। मृतक के पुत्र रजनीश की तहरीर पर पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।