पसगवां। अजबापुर चीनी मिल में तैनात इलेक्ट्रिकल इंजीनियर हर्षिल सिंह की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में परिजनों ने पुलिस से मिलकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
जिला बिजनौर थाना धामपुर के ग्राम मोहढ़ा निवासी रविंद्र सिंह का 24 वर्षीय पुत्र हर्षिल सिंह अजबापुर चीनी मिल में इलेक्ट्रिकल इंजीनियर था। तीन दिसंबर की रात चीनी मिल परिसर के एक कमरे में फंदे पर लटकने से संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि अगली सुबह इस बात की जानकारी होने पर मिल प्रबंधन की ओर से उसे शाहजहांपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शाहजहांपुर में ही उसका पोस्टमार्टम कराया गया। शुक्रवार को बिजनौर से यहां पहुंचे मृतक हर्षिल के पिता रविंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि उनके पुत्र ने निर्माण कार्यों में घटिया सामग्री का उपयोग करने से मना कर दिया था। इस कारण उसे धमकियां मिली थीं। उन्होंने हर्षिल की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
परिजनों ने थाना प्रभारी रविंद्र सोनकर को प्रार्थनापत्र भी दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि हर्षिल की जिस कमरे में मौत हुई है, उसे पुलिस ने सील कर दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल रिपोर्ट मिलने पर ही किसी नतीजे पर पहुंचा जा सकता है। उन्होंने हर्षिल के परिजनों से कहा कि उनके पास जो भी साक्ष्य हैं, उन्हें उपलब्ध कराएं।