महेवागंज। शनिवार दोपहर फूलबेहड़ सीएचसी अधीक्षक डॉ. पवन कुमार ने अपनी टीम के साथ महेवागंज कस्बे में अवैध रूप से चल रहे अस्पतालों और क्लीनिकों पर छापा मारा।
प्रपत्र न दिखा पाने और एक्सपायर हो चुकी दवा मिलने पर दुबग्गा रोड के एक क्लीनिक को सील कर दिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम की सूचना मिलते ही झोलाछाप अपना क्लीनिक और अस्पताल बंद कर मौके से भाग निकला। टीम जाने के बाद संचालकों ने राहत की सांस ली और फिर दुकानों के शटर खोल दिए।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. पवन कुमार ने बताया कि सेवा अस्पताल के संचालक प्रपत्र नहीं दिखा पाए। इतना ही नहीं, क्लीनिक में एक्सपायर हो चुकी दवा भी मिली। क्लीनिक को सील कर दिया गया है। अन्य लोग अस्पताल बंद कर भाग गए। अब वृहद स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। संवाद