जनपद के नोडल अफसर/प्रमुख सचिव लघु सिंचाई चंद्रप्रकाश ने एक दिवसीय दौरे के दौरान जिला स्तरीय अधिकारियों/कार्यदायी संस्थाओं के साथ बैठक कर विकास कायक्रमों की समीक्षा की। प्रमुख सचिव ने लक्ष्य पूरा करने में पीछे चल रहे लोक निर्माण विभाग, पैकफेड, मंडी और अपर मुख्य अधिकारी को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। करीब सवा दो घंटे तक समीक्षा बैठक के बाद प्रमुख सचिव ने नहर पटरी पर सीसी रोड कार्य देखा। इसके बाद सीएचसी फूलबेहड़ का निरीक्षण किया और लोहिया गांव कोल्हौरी का भ्रमण किया। बैठक में देर से आने वाले करीब आधा दर्जन अधिकारियों को डीएम गौरव दयाल ने प्रतिकूल प्रविष्टि दी, जबकि गैरहाजिर जिला विकलांग कल्याण अधिकारी गणेश प्रसाद का एक दिन का वेतन काटने के आदेश दिए।
कलक्ट्रेट सभागार में सुबह 10 बजे लघु सिंचाई विभाग के प्रमुख सचिव चंद्रप्रकाश ने समीक्षा बैठक की, जिसका संचालन डीएम गौरव दयाल ने किया। विभागीय अधिकारियों के परिचय के बाद प्रमुख सचिव ने विभागवार कार्यक्रमों की समीक्षा की। डीपीआरओ योगेंद्र कटियार ने शौचालय के लक्ष्य और उसकी प्रगति के बारे में जानकारी दी। मनरेगा से तालाबों के जीर्णोद्धार की बावत प्रमुख सचिव ने विस्तार से चर्चा की। पीडी दिनेश सिंह ने ग्राम पंचायतों के तालाबों में कराए गए कार्यों के बारे में जानकारी दी, जिस पर प्रमुख सचिव ने तालाबों के किनारे फलदार और छायादार वृक्ष लगाने के निर्देश दिए। ताकि ग्रामीणों को दो पल सुकून के बिताने का स्थान उपलब्ध हो और चिड़ियों को आसरा मिल सके। उन्होंने पौधरोपण के लिए गूलर, पाकड़, महुआ, पीपल, आम आदि के नाम भी सुझाए। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रिमोट सेसिंग के जरिए जनपद में 2225 वेटलैंड चिह्नित किए गए। इसके अलावा एनआरएलएम, पूर्ति विभाग, माध्यमिक शिक्षा, बेसिक शिक्षा, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, मत्स्य विभाग, स्वास्थ्य विभाग के कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान सीडीओ नितीश कुमार, एडीएम हरिकेश चौरसिया, डीडीओ वीरेंद्र यादव, डीएसटीओ एसपी वर्मा, एआरटीओ प्रवर्तन संजीव गुप्ता, जिला प्रोबेशन अधिकारी बीके सिंह, एआर कोआपरेटिव आरके सिंह समेत जिला स्तरीय अधिकारी, एसडीएम और बीडीओ मौजूद रहे।
पक्षी प्रेम से सराबोर दिखे प्रमुख सचिव
समीक्षा बैठक के दौरान प्रमुख सचिव का पक्षी प्रेम भी नजर आया, उन्होंने तालाबों के किनारे फलदार और छायादार वृक्ष लगाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने चिड़ियां (बर्ड्स) मुहैया कराने का आश्वासन भी दिया। ताकि इनकी घटती संख्या पर विराम लगे।
देरी से आने पर इन्हें मिली प्रतिकूल प्रविष्टि
समीक्षा बैठक में समय से न पहुंचने पर उप कृषि निदेशक, सहायक निदेशक मत्स्य, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, उपायुक्त स्वत: रोजगार, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, एआरटीओ को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई।
नहर पटरी पर निर्माणाधीन सीसी रोड देखी
प्रमुख सचिव चंद्रप्रकाश ने समीक्षा बैठक के बाद नहर पटरी किनारे बनाई जा रही सीसी रोड का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
सीएचसी और लोहिया गांव निरीक्षण में ओके
महेवागंज। प्रमुख सचिव चंद्रप्रकाश ने गुरुवार की दोपहर करीब दो बजे फूलबेहड़ स्थित सीएचसी का जायजा लिया। प्रमुख सचिव ने प्रभारी डॉ. एके पंकज से सुविधाओं के बारे में पूछताछ की। प्रमुख सचिव ने सीएचसी की निर्माणाधीन बिल्डिंग के बारे में जानकारी कर जल्द से जल्द निर्माण पूरा कराने के आदेश दिए। दस मिनट के इस निरीक्षण के बाद प्रमुख सचिव लोहिया गंाव कुल्हौरी पहुंचे। सबसे पहले प्रमुख सचिव चौपाल में ग्रामीणों से रूबरू हुए और समस्याएं सुनी। चौपाल में महिलाआें के सशक्तिकरण और उनकी सामाजिक कार्य में भागीदारी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। आगंनबाड़ी और प्राथमिक स्कूल के निरीक्षण में कक्षा तीन के बच्चाें से पढ़ाई के बारे मे पूछा। डांडेपुरवा के कुछ ग्रामीणों ने मनरेगा मजदूरी न मिलने की बात प्रमुख सचिव से कही, जिस पर प्रमुख सचिव ने हफ्ते भर के अंदर मजदूरी दिलाने के आदेश दिए।