बसें परिसर में न आए इसकी वजह से बंद किया गया रास्ता। संवाद
लखीमपुर खीरी। लखीमपुर डिपो के नए बस अड्डे का निर्माण कार्य तेज हो गया है। कार्यदायी संस्था ने पूरे परिसर को कब्जे में लेकर रास्ता बंद कर दिया है।
बसें खड़ी करने की जगह नहीं बचने पर रोडवेज प्रशासन ने बस अड्डे में बसों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। निर्माण कार्य में बाधा न आए, इसके लिए बसों का संचालन बाहर से करने के निर्देश दिए गए हैं।
लखीमपुर डिपो का भवन काफी पुराना हो गया था। इसे गिराकर नया भवन बनाया जा रहा है। अभी तक आधे हिस्से में निर्माण चल रहा था और आधे हिस्से से बसों का संचालन हो रहा था। अब कार्यदायी संस्था ने काम की रफ्तार बढ़ाते हुए पूरे परिसर को कब्जे में ले लिया है।
रोडवेज प्रशासन ने सभी चालकों को निर्देश दिए हैं कि बसों का संचालन अड्डे के अंदर न करते हुए गोविंद चौक, सौजन्या या राजापुर तक ही किया जाए। यात्रियों से भी अपील की गई है कि इन स्थानों से बसों में बैठकर आगे की यात्रा करें।
एआरएम गीता सिंह ने बताया कि निर्माण के चलते बसों को परिसर में खड़ी करने की जगह नहीं है। ऐसे में बसों के प्रवेश पर रोक लगाते हुए बाहर से संचालन के निर्देश दिए गए हैं, ताकि निर्माण कार्य में बाधा न आए।
लखनऊ-दिल्ली वाली बसों को राहत
लखनऊ और दिल्ली जाने वाली बसों के संचालन के लिए फिलहाल अलग व्यवस्था की गई है। इन रूटों की बसों का संचालन लखीमपुर डिपो के सामने मुख्य सड़क के किनारे से किया जाएगा। निर्माण के चलते बसों के ठहराव और यात्रियों के आवागमन की व्यवस्था बदलने से रोडवेज को संचालन में भी बदलाव करना पड़ा है।