जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक में एडीएम हरिकेश चौरसिया ने कहा कि उद्योग बंधुओं से जुड़े मामलों का निस्तारण समयबद्ध तरीके से किया जाए। व्यापारियों/उद्यमियों के प्रति सहयोगात्मक रुख अपनाते हुए उनके लंबित प्रकरणों का सकारात्मक सोच के साथ निस्तारित किए जाएं। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आगाह करते हुए कहा कि वह नियमानुसार कार्यवाही कर उद्यमियों की मदद करें, ताकि अधिकाधिक रोजगार सृजित हो और उद्यम भी संचालित होते रहें।
कलक्ट्रेट सभागार में एडीएम ने उपायुक्त/सचिव जिला उद्योग केंद्र को निर्देश देते हुए कहा कि उद्यमियों के प्रति की जा रही कार्यवाही के पर नजर रखें, ताकि उद्यमियों के मामलों का निस्तारण समयबद्ध तरीके से हो सके। व्यापार क्षेत्र में विकास होना चाहिए, ताकि अधिकाधिक लोगों को आसानी के साथ उचित दर पर जरूरत के सामान उपलब्ध हों। मौके पर मौजूद उद्योग से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए कहा कि सरकारी तंत्र जनता की सेवार्थ है। लिहाजा सरकारी कार्य प्रणाली में मैत्री पूर्ण व्यवहार लाकर लोगों के मददगार बने। बैठक में उद्योग से जुड़े पदाधिकारियों द्वारा उठाई गई समस्याओं को तत्परता से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में व्यापारी बंधु सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।