कार्यशाला में शौचालय निर्माण की गुणवत्ता पर दिया गया जोर
स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण के लक्ष्य को शीघ्र पूरा करने के लिए राज मिस्त्रियों को कार्यशाला में प्रशिक्षित किया गया। जनपद स्तरीय मास्टर ट्रेनरों ने ब्लाकों से आए जेई और राज मिस्त्रियों को तकनीकी मास्टर ट्रेनर के तौर पर ट्रेनिंग दी। प्रत्येक ब्लाक से दो जेई और दो मिस्त्रियों को प्रशिक्षण दिया गया, जो ब्लाकों पर कैंप लगाकर राज मिस्त्रियों को प्रशिक्षण देंगे।
विकास भवन के सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ डीपीआरओ सुनील कुमार पांडेय ने किया। कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर/एई आरसी गुप्ता ने कहा कि शौचालय निर्माण में तकनीकी कमियों को दूर करना आवश्यक है, तभी शौचालय की उपयोगिता सार्थक होगी। उन्होंने ब्लाकों से आए जेई और मिस्त्रियों को मानक के अनुरूप निर्माण कराने के लिए आवश्यक जानकारी दी। कार्यशाला के दौरान जेई उमराव सिंह यादव ने प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रतिभागियों को शौचालय निर्माण से जुड़े आवश्यक टिप्स भी दिए। जिला समन्वयक नंदकिशोर दीक्षित ने कहा कि निर्माण संबंधी समस्या होने पर तुरंत डीपीआरओ कार्यालय में सूचना दें, जिससे उसका शीघ्र निस्तारण कराया जा सके।