सिकंदराबाद। थाना नीमगांव क्षेत्र में रविवार शाम विपुल की हुई हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में नामजद तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घटना का मुख्य आरोपी मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया। जबकि अन्य दो आरोपियों को दोपहर बाद टीम ने गिरफ्तार किया है। विपुल को 315 बोर की दो गोलियां लगी थीं, इसमें पेट और पीठ पर गोली धंसी होने की बात पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में कही गई है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
मितौली सीओ यादवेंद्र यादव ने बताया कि रविवार को थाना नीमगांव क्षेत्र में गड़रिया चौराहा के आगे मितौली थाना क्षेत्र के रामखेड़ा गांव निवासी विपुल मिश्रा की बाजार से घर वापस जाते समय गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। घटना के खुलासे के लिए चार टीम लगी थीं। मंगलवार पुलिस को मुख्य हत्यारोपी देवेश बाजपेई ऊर्फ बिल्लू के सिकंदराबाद क्षेत्र में होने की जानकारी मिली।
इस पर थानाध्यक्ष प्रवीर गौतम ने सिकंदराबाद चौकी प्रभारी राम गौरव, मोनू यादव, केशव सिंह, सुग्रीव गंगवार व निसार अहमद के साथ चेकिंग शुरू की। अल सुबह रायपुर मोड़ के पास देवेश बाजपेई निवासी रामखेड़ा थाना मितौली को रोका तो उसने पुलिस टीम पर फायर किया। बचाव में पुलिस ने फायरिंग की जो आरोपी के पैर में लगी।
पुलिस ने तुरंत गोला सीएचसी भेजा, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कहा कि हत्यारोपी देवेश बाजपेई हत्याकांड का मुख्य आरोपी था। उसके कब्जे से एक बाइक और 315 बोर का तमंचा कारतूस भी बरामद हुआ है। मितौली सीओ ने बताया कि दो अन्य आरोपी पार्थ बाजपेई और रामसिंह निवासी रामखेड़ा को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।