लखीमपुर खीरी। जिले के माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को अब पढ़ाई के साथ-साथ रोजगारपरक शिक्षा भी दी जाएगी। शासन के निर्देश के बाद स्थानीय स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जून के पहले सप्ताह से शुरू होने वाले प्रशिक्षण में विद्यार्थियों को विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षित किया जाएगा।
डीआईओएस विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि विद्यार्थी हाईस्कूल के बाद अपने भविष्य की दिशा तय करने लगते हैं। ऐसे में उन्हें पढ़ाई के साथ हुनर का ज्ञान देना जरूरी है। प्रशिक्षण उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के माध्यम से कराया जाएगा। इसके तहत छात्र-छात्राओं को निशुल्क तकनीकी एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे भविष्य में स्वरोजगार या नौकरी के बेहतर अवसर हासिल कर सकें।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को उनकी रुचि और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। यह प्रशिक्षण हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों को दिया जाएगा। प्रत्येक ट्रेड में 30 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।
योजना के अंतर्गत इलेक्ट्रीशियन, फिटर, वेल्डर, प्लंबर, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं प्रोग्रामिंग असिस्टेंट, डाटा एंट्री ऑपरेटर, फैशन डिजाइनिंग, ब्यूटी एंड वेलनेस, सिलाई एवं कढ़ाई समेत अन्य ट्रेड शामिल किए गए हैं। विभाग की ओर से जल्द ही प्रशिक्षण की तिथियां घोषित की जाएंगी।