खेल मैदान में मौजूद खिलाड़ी। स्रोत : स्कूल प्रशासन
लखीमपुर खीरी। गोला स्थित श्रीराजेंद्र गिरि मेमोरियल एकेडमी परिसर में शनिवार को अंडर-14 क्रिकेट मैच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में यूडीसीए गोला की टीम ने एसआरजीएमए को चार विकेट से हराकर जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एसआरजीएमए की टीम ने 12 ओवर में पांच विकेट खोकर 100 रन बनाए। टीम की ओर से राजवीर सिंह ने 33 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि सुखपाल ने चार चौकों और दो छक्कों की मदद से तेज 34 रन बनाए। यूडीसीए गोला की ओर से यश त्रिवेदी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट हासिल किए।
101 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूडीसीए गोला की टीम ने 11 ओवर में छह विकेट खोकर 101 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। अक्षत ने नाबाद 43 रन की बेहतरीन पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में तीन छक्के और चार चौके लगाए तथा अंत तक नाबाद रहकर टीम को जीत दिलाई। ऋषित ने भी 21 रन का अहम योगदान दिया।
एसआरजीएमए की ओर से राजवीर सिंह ने अच्छी गेंदबाजी करते हुए दो विकेट लिए। मैच के दौरान राजेंद्र गिरि स्कूल के प्रिंसिपल आलोक मिश्रा, कोच कमाल, पुनीत मिश्रा और सोनू प्रजापति मौजूद रहे।