पलियाकलां। क्षेत्र में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार रात हाथियों के झुंड ने बुद्धापुरवा गांव के पास खेतों में घुसकर करीब तीन एकड़ गेहूं की खड़ी फसल रौंद डालीं। अचानक हुए हमले से किसानों में दहशत फैल गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, रात में हाथियों का झुंड खेतों में दाखिल हुआ। सूचना मिलते ही ग्रामीण और वनकर्मी मौके पर पहुंचे। लोगों ने शोर मचाकर और मशालें जलाकर हाथियों को भगाने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक हाथी खेतों में डटे रहे। जब तक उन्हें जंगल की ओर खदेड़ा गया, तब तक बड़ी मात्रा में फसल नष्ट हो चुकी थी।
पिछले दस दिनों में बसंतापुर, चौखड़ा फार्म, गुलरा, भगवंतनगर, कोठिया और बुद्धापुरवा समेत कई गांव हाथियों के निशाने पर आ चुके हैं। हाथी लगातार अपना ठिकाना बदल रहे हैं, जिससे उन्हें नियंत्रित करना चुनौती बना हुआ है।
मझगईं रेंजर अंकित कुमार सिंह ने बताया कि हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। नुकसान का सर्वे कर मुआवजा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हालांकि, खेतों में हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों की रातें इन दिनों जागकर गुजर रही हैं।