बिजली खंभा शिफ्टिंग के लिए काटा गया पड़े। स्रोत : उपभोक्ता।
लखीमपुर खीरी। डॉन बाॅस्को स्कूल से राजापुर चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण के लिए बिजली लाइन को शिफ्ट किया जाना है। शनिवार को उपभोक्ताओं को बिना सूचना दिए लाइन शिफ्टिंग कार्य के लिए आपूर्ति काट दी।
भीषण गर्मी में करीब नौ घंटे आपूर्ति न मिलने से उपभोक्ता बेहाल हो गए। घरों में इन्वर्टर तक बैठ गए और लोग पानी तक को तरस गए। विद्युत निगम की मनमानी को लेकर उपभोक्ताओं में आक्रोश भी देखने को मिला।
विद्युत निगम ने पूर्वाह्न करीब 11 बजे शटडाउन लिया। उपभोक्ताओं ने 30 मिनट तक बिजली आने का इंतजार किया, लेकिन जब आपूर्ति सुचारु नहीं हुई तो उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र पर शिकायत दर्ज कराई। इस दौरान उपभोक्ताओं को बताया गया कि काम पूरा होते ही लाइन चालू कर दी जाएगी। विद्युत निगम ने पहले तो शाम पांच बजे तक काम पूरा करने के बाद आपूर्ति देने के लिए कहा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसके बाद निगम ने रात आठ बजे तक आपूर्ति देने के लिए कहा।
अघोषित बिजली कटौती से मोहल्ला राजापुर, राजाजीपुरम, लहौरीनगर आदि क्षेत्र के उपभोक्ताओं को करीब नौ घंटे आपूर्ति नहीं मिल सकी। इसकी वजह से उपभोक्ताओं का हाल बेहाल रहा। इधर, शहर के अन्य मोहल्लों में ट्रिपिंग का खेल चलता रहा, जिससे उपभोक्ता परेशान नजर आए।