लखीमपुर खीरी। जिले में रविवार रात आई आंधी-पानी से एक बार फिर बिजली व्यवस्था लड़खड़ा गई है। शहर के कई मोहल्लों की पांच से छह घंटे तक आपूर्ति ठप रही। सबसे ज्यादा बुरा हाल ग्रामीण क्षेत्रों में देखने को मिला। बिजली लाइन पर पेड़ गिरने से कहीं 15 तो कहीं 20 से 24 घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। भीषण गर्मी में आपूर्ति न मिलने से उपभोक्ताओं में काफी आक्रोश देखने को मिला।
33केवी मेन लाइन में फॉल्ट होने से शहर के कई मोहल्लों में रात में पांच से छह घंटे तक आपूर्ति ठप रही। बहादुर नगर, महाराजनगर, नई बस्ती, राजापुर, प्यारेपुर, नौरंगाबाद, बड़खेरवा, छाउछ, उदयपुर, शिवकॉलोनी, मेला मैदान आदि आधे शहर की आपूर्ति ठप होने से उपभोक्ताओं का हाल बेहाल रहा। उपभोक्ता रात भर गर्मी से जूझने के बाद सुबह पानी के लिए तरस गए। वहीं अफसरों ने भी आपूर्ति बाधित होने के संबंध में कोई जानकारी लोगों को नहीं दी, न ही मोबाइल फोन ही रिसीव किए। इधर, औरंगाबाद चुरईपुरवा उपकेंद्र ठप होने से सैकड़ों गांवों को 24 घंटों आपूर्ति नहीं मिल सकी।
खराब बिजली व्यवस्था पर सीडीओ खफा, शासन को लिखा पत्र
लखीमपुर खीरी। जिले की खराब बिजली व्यवस्था से उपभोक्ता परेशान हैं। घंटों बिजली कट होने से लोगों को गर्मी की मार के साथ ही पानी का संकट झेलना पड़ता है। जिले की खराब बिजली व्यवस्था के चलते इस बार सीएम डेस्क बोर्ड की रैकिंग भी गड़बड़ा गई है। विद्युत निगम के अफसरों की इस लापरवाही पर सीडीओ अभिषेक कुमार खफा हो गए।
सीडीओ ने लखीमपुर और गोला सर्किल के अधीक्षण अभियंता के साथ ही लखीमपुर, मोहम्मदी, मितौली, निघासन, पलिया, लखीमपुर, गोला डिविजन के अधिशासी अभियंता का वेतन रोकने सहित अन्य कार्रवाई के लिए विद्युत निगम के एमडी को पत्र लिखा है। सीडीओ ने बताया कि जिले की बिजली व्यवस्था लड़खड़ाई हुई है, जिससे उपभोक्ता परेशान हैं। इधर, विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जिले में रीवैंप योजना के तहत काम कराया गया है। पुरानी लाइनों को बदलकर नए तार डाले गए, फिर भी बिजली व्यवस्था पटरी पर नहीं आ पा रही। संवाद
शो-पीस बन गए ट्रांसफॉर्मर, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
मैगलगंज। विद्युत उपकेंद्र मुबारकपुर से संचालित हैरमखेड़ा गांव में 10 केवीए के चार ट्रांसफार्मर रखे हैं, लेकिन संचालित एक ही होता है। तीन ट्रांसफॉर्मर शो-पीस बने हैं। ऐसे में आए दिन बिजली संकट बरकरार रहता है। बारिश के चलते खराब हुई आपूर्ति से नाराज उपभोक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
उपभोक्ताओं ने बताया कि रोजाना तीन से चार बार लाइनमैन फ्यूज को जोड़ते हैं। प्रत्येक बार ग्रामीण लाइनमैनों को सुविधा शुल्क भी देते हैं। ग्रामीणों ने कहा कि अगर तीन अन्य ट्रांसफॉमरों से कनेक्शन जोड़ दिए जाए तो राहत मिल जाए, लेकिन ऐसा नहीं कर रहे। बिजली व्यवस्था खराब होने से बालेश्वर, भगवानदीन, नारायनलाल, वेद प्रकाश, रामकुमार, रामपाल, जयराम, श्रीराम, रामकुमार राठौर, दुलारे, गोविंद आदि उपभोक्ताओं ने प्रदर्शन किया। अवर अभियंता राजू सागर ने बताया कि जल्द ही समाधान करा दिया जाएगा।
75 गांवों में 18 घंटों से बिजली न मिलने से उपभोक्ता बेहाल
बिजुआ। आंधी और बारिश से भीरा, बिजुआ सहित क्षेत्र के 75 गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। बिजली न मिलने से चारों तरफ त्राहि त्राहि मची गई। लोगों के इन्वर्टर ठप हो गए। पलिया से आने वाली 33केवी लाइन का एक खंभा अतरिया के पास गिरने से गया। भीरा बिजुआ के बीच में इटकुटी के पास कई पेड़ बिजली लाइन पर गिर गए, जिनको हटवाने क लिए हाइड्रा मंगवाना पड़ा। बिजुआ-भीरा हाइडिल के जेई रविशंकर प्रसाद ने बताया कि लाइनमैनों व कर्मचारियों के अथक प्रयास से सोमवार को दो बजे लाइन चालू करा दी गई है। इधर, 75 गांवों में 18 घंटों से अधिक आपूर्ति न मिलने से उपभोक्ताओं का हाल बेहाल हो गया। संवाद
12 गांवों में 14 घंटों से अधिक ठप रही आपूर्ति
संपूर्णानगर। 33 केवी लाइन में रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे फॉल्ट होने से पूरे क्षेत्र की बत्ती गुल हो गई। दर्जनों गांवों की आपूर्ति ठप होने से उपभोक्ता परेशान हो गए। रात को ही उपभोक्ता उपकेंद्र पर पहुंचे और नाराजगी जाहिर की। कहा कि 33केवी लाइन वर्षों से जर्जर है, जिसको बदलने के लिए कई बार मांग कर चुके, लेकिन अब तक नहीं बदली।
उपभोक्ताओं ने बताया कि भीषण गर्मी में बढ़ते लोड व हल्की हवा चलने पर ही 33केवी में फॉल्ट होने से आए दिन दिक्कत रहती है। 33केवी लाइन में फॉल्ट होने से एक दर्जन से अधिक गांवों में 14 घंटों तक आपूति ठप रही। जेई पवन चंद्र ने बताया कि रात में भी पेट्रोलिंग की गई, लेकिन फॉल्ट नहीं मिल सका। सुबह पेट्रोलिंग कर फॉल्ट को दुरुस्त कराया।
अलीगंज : उपभोक्ताओं को झेलना पड़ा कटौती का दंश
अलीगंज। कस्बा सहित आसपास गांवों में दिन-रात बिजली का संकट बना रहता है, जिससे उपभोक्ता काफी परेशान हैं। रविवार को आंधी आने से क्षेत्र में घंटों तक बिजली संकट हो गया। उपभोक्ताओं को गर्मी की मार झेलनी पड़ी। बावजूद इसके जिम्मेदारों ने फॉल्ट को दुरुस्त कराने की जरूरत नहीं समझी। संवाद
संसारपुर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति व्यवस्था ध्वस्त
संसारपुर। संसारपुर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बांकेगंज स्थित विद्युत उपकेंद्र से की जाती है, जहां की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। ग्रामीणों ने बताया कि विद्युत उपकेंद्र से कभी कोई सूचना नहीं दी जाती है। उपकेंद्र के कर्मचारी फोन भी नहीं उठाते हैं। किशोर गुप्ता, मनोज गुप्ता, मुकर्रब अली, राकेश जायसवाल, अनुज शर्मा, योगेश कनौजिया आदि ने रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति कराने की मांग की है। एसडीओ एन. मनोश ने बताया कि फॉल्ट सही करा दिए जाते हैं। रोस्टरिंग ऊपर से होती है। संवाद
खराब बिजली व्यवस्थाओं को लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण। स्रोत ग्रामीण
खराब बिजली व्यवस्थाओं को लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण। स्रोत ग्रामीण