लखीमपुर खीरी। 132 केवी शाहजहांपुर-गोला टीऑफ मोहम्मदी लाइन पर 132 केवी शाहजहांपुर-गोला लिलो लाइन के जंपर जोड़ने का काम किया जाएगा। साथ ही 220 केवी नई लाइन गोला को ऊर्जीकृत किया जाएगा। इसके लिए तीन नवंबर को गोला और मोहम्मदी उपकेंद्र पर पांच-पांच घंटे का शटडाउन लिया जाएगा। इससे इन दोनों उपकेंद्रों से जुड़े सभी फीडरों की बिजली आपूर्ति मंगलवार पूर्वाह्न दस बजे से अपराह्न तीन बजे तक बाधित रहेगी।
गोला और मोहम्मदी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नई लिलो लाइन (डबल सर्किट) बनकर तैयार हो गई है, जिसका आने वाले समय में क्षेत्रवासियों को फायदा मिलेगा। कपरहा गोला में निर्माणाधीन 320 एमवीए क्षमता के उपकेंद्र का काम भी पूरा हो गया है, जिसमें 40-40 एमवीए क्षमता के दो और ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। यहां से गोला और मोहम्मदी क्षेत्र के फीडरों को अलग से बिजली सप्लाई दी जा सकेगी। इसके लिए लिलो लाइन (लाइन इन लाइन आउट) बनाई गई है, जो डबल सर्किट का काम करेगी।
विद्युत पारेषण खंड के अधिशासी अभियंता रामानंद ने बताया कि मंगलवार को सुबह 10 बजे से अपरान्ह तीन बजे तक गोला और मोहम्मदी उपकेंद्र बंद रहेंगे। इससे 132 केवी उपकेंद्र गोला की आंशिक और 132 केवी मोहम्मदी से जारी सभी फीडरों की बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
लखीमपुर-लहरपुर लिलो लाइन का हुआ ट्रायल
लखीमपुर खीरी। 132 केवी विद्युत लाइन लिलो (लाइन इन लाइट आउट) लखीमपुर-लहरपुर वायां ओयल का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद रविवार को ऊर्जीकृत करके ट्रायल किया गया, जो सफल रहा। अधिशासी अभियंता रामानंद ने बताया कि ओयल में नए बने विद्युत उपकेंद्र को चालू किया जाएगा, जिससे लखीमपुर स्थित छाउछ उपकेंद्र का लोड कम होगा। इससे शहरवासियों को बिजली की समस्याओं जैसे लो-वोल्टेज, ट्रिपिंग से छुटकारा मिल जाएगा। बिजली सप्लाई व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए ओयल में 80 एमवीए क्षमता का उपकेंद्र बनाया गया है। यह लाइन ओयल से शुरू होकर लालपुर, मोतीपुर, मूसेपुर खुर्द, डिमौरा चफरूआ, मेड़वापुर गांवों से गुजरी है। इसलिए ग्रामीणों को सतर्क करते हुए विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। 132 केवी लाइन से सुरक्षा के लिए ग्रामीणों को कॉरीडोर से 27 मीटर दूर रहने के लिए कहा है। अधिशासी अभियंता ने बताया कि लाइन कॉरीडोर में पौधारोपण और निर्माण कार्य करना प्रतिबंधित एवं दंडनीय है।