बाघिन को रखे गए स्थान का निरीक्षण करते अधिकारी। संवाद
ममरी। हैदराबाद थाना क्षेत्र कई गांवों में आतंक का पर्याय बनी बाघिन और उसके शावक को पकड़ने के बाद सरायन नदी की झाड़ी में छिपे दूसरे शावक को पकड़ने की कोशिश चल रही है।
हैदराबाद थाना क्षेत्र कई गांव के आसपास एक साल से दहशत का पर्याय बनी बाघिन और उसके एक शावक को अधिकारियों के निर्देश पर विशेषज्ञ टीम के दीपक और डॉक्टर दयाशंकर ने मंगलवार की शाम नदी की झाड़ी से लोकेशन ट्रेस करके पिंजरे में कैद कर लिया था, जबकि बाघिन का एक शावक नदी की झाड़ी में भाग गया था।
पकड़ी गई बाघिन और शावक को डॉक्टरों और वन कर्मियों की निगरानी में सुरक्षित स्थान पर रखा गया है। डिप्टी रेंजर रामनरेश वर्मा ने बताया कि बाघिन के दूसरे शावक को ढूंढने और पकड़ने के लिए झाड़ी के आस-पास मोबाइल कनेक्टेड पांच सेटेलाइट कैमरे और कई साधारण कैमरे के अलावा चार पिंजरे लगाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि दूसरा शावक यदि टीम की पकड़ में आता है तो उसे भी बाघिन और पहले शावक के साथ गंतव्य स्थान को भेज दिया जाएगा। इस मौके पर प्रमुख अपर मुख्य वन संरक्षक डॉक्टर रेनू सिंह, डीएफओ संजय कुमार विस्वाल, डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के परियोजना अधिकारी दबीर हसन आदि अधिकारी समस्त वनकर्मी मौजूद रहे।