ईसानगर। तहसील क्षेत्र में बगैर शौचालय के संचालित एक पूर्व माध्यमिक विद्यालय स्वच्छता मिशन की धज्जियां उड़ा रहा है, जिसके चलते विद्यालय में अध्यनरत छात्राएं और छात्र खुले में शौच जाने को मजबूर हैं।
धौरहरा विकास क्षेत्र के सिसैया-ईसानगर नगर मार्ग पर रामलोक में नारायणेश्वर पूर्व माध्यमिक विद्यालय संचालित है, जिसमें बगैर शौचालय के ही सरकार द्वारा कक्षा छ: से आठ तक कक्षाएं चलाने की प्रशासन की तरफ से अनुमति दे दी गई है।
अभिभावकों के मुताबिक, विद्यालय में कक्षा एक से इंटरमीडिएट तक कक्षाएं संचालित हैं। आसपास कोई विद्यालय न होने के चलते ग्रामीण क्षेत्र के अभिभावक अपने बच्चों को इसी विद्यालय में भेजने को मजबूर हैं। वहीं, स्कूल में शौचालय न होने से छात्र-छात्राओं को खुले में शौच जाना पड़ता है।
शौचालय सभी विद्यालयों के लिए अनिवार्य कर दिया गया है। मुझे उक्त विद्यालय में शौचालय न होने की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा है तो गलत है, जांच की जायेगी। - उपेंद्र सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी धौरहरा