लखीमपुर में कलक्ट्रेट सभागार में अर्दली के बेटे अजीत कुमार को नियुक्ति पत्र देते सांसद अजय मिश्?
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। तीन दिवसीय काउंसलिंग के बाद शनिवार को बेसिक शिक्षा परिषद के प्राथमिक विद्यालयों में चयनित सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र बांटे गए। द्वितीय चरण में 1716 पदों पर शिक्षकों का आवंटन हुआ, जिसके सापेक्ष शनिवार को 1561 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र बांटे गए हैं। इसमें 100 नवनियुक्त शिक्षकों को जनप्रतिनिधियों ने कलक्ट्रेट सभागार में नियुक्ति पत्र दिए। वहीं शेष 1461 नवनियुक्त शिक्षकों को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में नियुक्ति पत्र दिए गए।
कलक्ट्रेट सभागार कार्यक्रम का शुभारंभ खीरी सांसद अजय मिश्र टेनी, विधायक सदर योगेश वर्मा, विधायक मंजू त्यागी ने सीडीओ अरविंद सिंह की मौजूदगी में दीप प्रज्ज्वलन कर किया। कार्यक्रम के आरंभ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल सभी नवचयनित शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। इसके बाद बीएसए बुद्ध प्रिय सिंह ने कहा कि पूरे प्रदेश में जनपद खीरी में बेसिक शिक्षा का परिवार सबसे बड़ा है। पांच लाख 38 हजार नौनिहालों की जिम्मेदारी आप सभी के कंधों पर दी जा रही है। आप सभी पूरी उर्जा एवं लगन के साथ अपने परिवार को आगे बढ़ाने के साथ-साथ संवारने का भी काम करेंगे। सांसद अजय मिश्र टेनी ने कहा कि छात्रों के नामांकन में जनपद प्रथम स्थान पर है। यह जिले के लिए गौरव की बात है। इसके लिए परिषदीय शिक्षकों को बधाई दी और कहा कि तीन वर्षों में ऑपरेशन कायाकल्प एवं मिशन प्रेरणा के तहत परिषदीय विद्यालयों में शैक्षणिक स्तर सुधरने के साथ ही मूलभूत सुविधाओं में भी परिवर्तन हुआ है। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि अरविंद सिंह संजय, अंबरीश सिंह, जितेंद्र त्रिपाठी सहित जिला स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
---
समाज में अपना विशिष्टि स्थान बनाए रखें: सीडीओ
सीडीओ अरविंद सिंह ने कहा अध्यापक का समाज में अत्यंत विशिष्ट स्थान है, जिसकी जगह कोई नहीं ले सकता। आपको अपनी इस विशेषता को बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि केवल आप शिक्षक के तौर पर नौकरी नहीं करने जा रहे हैं, बल्कि आने वाले भविष्य को संवारने की जिम्मेदारी आपके कंधों पर दी जा रही है। हमें विद्यालयों की केवल भौतिक गुणवत्ता ही नहीं, बल्कि आपके सहयोग से शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार करना है।
--
सीडीओ के अर्दली का बेटा बना शिक्षक
लखीमपुर खीरी। नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र बांटे जाने के दौरान जब अजीत कुमार का नाम पुकारा गया तो सीडीओ के अर्दली रघुनाथ प्रसाद भावुक हो उठे। तो सीडीओ अरविंद सिंह ने जनप्रतिनिधियों को अर्दली के बारे में जानकारी दी। इसके बाद अर्दली को बुलाकर उनके साथ ही उनके पुत्र अजीत को नियुक्ति पत्र दिया गया। रघुनाथ प्रसाद ने बताया कि बेटे की मेहनत, ईमानदारी एवं निष्काम सेवा का नतीजा है कि आज उनका पुत्र सरकार की पारदर्शी व्यवस्था के चलते शिक्षक बन पाया। संवाद