पसगवां। नेशनल हाईवे संख्या 30 पर जंगबहादुरगंज बाइपास के पूर्वी छोर पर उदयपुर के करीब मंगलवार शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। ट्रक ने रोडवेज बस में टक्कर मार दी। इसके बाद अनियंत्रित बस की चपेट में आने से ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में तीन महिलाओं सहित चार लोग घायल हुए हैं।
जंगबहादुरगंज से अजबापुर जा रहा ई-रिक्शा जब बाइपास के पूर्वी छोर पर उदयपुर के पास हाईवे पर पहुंचा, तभी सीतापुर से शाहजहांपुर की ओर जा रही रोडवेज बस को ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर बस के पिछले हिस्से में लगी। इससे बस चालक नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे जा रहे ई-रिक्शा से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा पलट गया।
हादसे में ई-रिक्शा सवार 21 वर्षीय पारुल पत्नी राजपाल निवासी पिपरौला कुंवरपुर, 35 वर्षीय अवधेश कुमार निवासी महमदपुर नाजिर, 35 वर्षीय उषा पत्नी प्रकाश निवासी अजवापुर और 25 वर्षीय अनीशा पुत्री प्रकाश निवासी अजवापुर घायल हो गई। एनएचएआई की राहत बचाव टीम ने राहगीरों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पसगवां में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद ई-रिक्शा चालक अवधेश कुमार, उषा और अनीशा को जिला अस्पताल शाहजहांपुर रेफर किया गया है।
ट्रक चालक को हल्की चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मोहम्मदी सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक चालक को चोटें आईं हैं। कार्रवाई की जा रही है।