लखीमपुर खीरी। हाईवे पर प्रतिबंध के नियम को रौंदकर ई-रिक्शा चालक धड़ल्ले से फर्राटा भर रहे हैं। क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने के साथ ही ऊपर भारी-भरकम सामान लादकर भी इनका संचालन किया जा रहा है। कई बार हादसे कारण बनने के बाद भी कार्रवाई को लेकर जिम्मेदार आंखें मूंदे बैठे हैं।
शहर के अंदर ही ई-रिक्शाें का संचालन वैध है। मौजूदा समय में जिले से गुजरा शायद ही कोई ऐसा हाईवे होगा, जहां पर नियम का पालन होता दिख जाए। शहर की सीमा से जुड़े सीतापुर हाईवे, पीलीभीत-बहराइच-बस्ती हाईवे, शाहजहांपुर-गोला हाईवे मार्ग के अलावा निघासन, मैगलगंज और पलिया हाईवे पर ये आसानी से सवारियां लेकर आते-जाते दिखाई दे रहे हैं।
गोला गोकर्णनाथ में तो एक माह पूर्व बेतरतीब ई-रिक्शों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से रूट प्लान व किराया निर्धारण को लेकर बैठकें हुईं लेकिन ई-रिक्शा चालकों के विरोध-प्रदर्शन, प्रशासन की सुस्ती और जनप्रतिनिधियों की खींचतान के चलते अभियान जहां का तहां ठप पड़ गया। 25 सितंबर, 2025 को शहर के अंदर नीची भूड़ मोहल्ले में एचडीएफसी बैंक के पास सीमेंट की चादर, लोहे के एंगल लदे ई-रिक्शा की चपेट में आकर साइकिल सवार एक वृद्ध की मौत हो गई थी। एक सब्जी विक्रेता गंभीर घायल हो गया था।
मैगलगंज क्षेत्र में भी हाल यही है। सात नवंबर, 2025 को मैगलगंज बाइपास पर विपरीत दिशा से आ रहे एक ई-रिक्शा ने मोहम्मदी के बेहड़ा अजीतपुर निवासी शिवम कुमार को टक्कर मार दी थी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
नाबालिगों के हाथ में हैंडल
ई-रिक्शा चालकों में ज्यादातर नाबालिग हैं। मार्ग पर चलते हुए अचानक ब्र्रेक लगाकर सवारियां बैठाना और हाईवे पर बिना किसी संकेत के अचानक से रिक्शा को मोड़कर सड़क के दूसरी ओर ले जाना इनकी फितरत में शामिल है। ऐसे में हर रोज दर्जनों घटनाएं हो रही हैं। कई लोगों की जान भी जा चुकी है।
हाईवे पर ई-रिक्शा का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित है। टीम लगाकर विभाग की तरफ से चेकिंग और कार्रवाई की जाती है। क्षमता से अधिक सवारी भरकर ले जाते ई-रिक्शा को सीज भी किया गया है। हाईवे पर संचालन को लेकर भी सख्ती बरती जाएगी।
-शांति भूषण पांडे, एआरटीओ
संसारपुर में नेशनल हाईवे 730 पर सवारी बैठता ई-रिक्शा चालक। संवाद
संसारपुर में नेशनल हाईवे 730 पर सवारी बैठता ई-रिक्शा चालक। संवाद
संसारपुर में नेशनल हाईवे 730 पर सवारी बैठता ई-रिक्शा चालक। संवाद
संसारपुर में नेशनल हाईवे 730 पर सवारी बैठता ई-रिक्शा चालक। संवाद