क्रॉसिंग के बीच फंसा ई-रिक्शा। स्रोत : सोशल मीडिया
लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित कृष्णा टाकीज रेलवे क्रॉसिंग पर शनिवार सुबह जल्दबाजी में एक ई-रिक्शा चालक बंद हो रहे फाटक के बीच घुस गया। इसी दौरान ट्रेन आने से अफरा-तफरी मच गई। गेटमैन की सतर्कता से बड़ा हादसा बच गया। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।
शनिवार सुबह मैलानी की ओर जाने वाली ट्रेन को गुजारने के लिए गेटमैन कृष्णा टाकीज रेलवे क्रॉसिंग का फाटक बंद कर रहा था। इसी दौरान एक ई-रिक्शा चालक निकलने की जल्दबाजी में दोनों बैरियरों के बीच फंस गया।
क्रॉसिंग के बीच ई-रिक्शा फंसा देख और ट्रेन को आता देखकर गेटमैन ने सतर्कता दिखाते हुए ई-रिक्शा को किनारे कराया और ट्रेन के लिए रास्ता साफ कराया। इसके बाद ट्रेन बिना किसी अनहोनी के अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गई।
आरपीएफ पोस्ट के इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। गेटमैन की ओर से अभी कोई मेमो नहीं मिला है। मेमो मिलने पर ई-रिक्शा चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।