कैसे पहुंचें दुधवा
लखनऊ से वाया सड़क मार्ग से सीतापुर, लखीमपुर, पलिया होते हुए दुधवा जाया जा सकता है। इसके अलावा शाहजहांपुर से खुटार, मैलानी, पलिया होते हुए सैलानी दुधवा पार्क तक पहुंच सकते हैं। बरेली से दुधवा आने के लिए पहले खुटार और उसके बाद मैलानी होते हुए पलिया व दुधवा जाया जा सकता है। हवाई यात्रा की अगर बात करें तो यहां से सबसे नजदीक का एयरपोर्ट लखनऊ है, जो कि दुधवा से 238 किलोमीटर की दूरी पर है। लखनऊ हवाई जहाज से आकर वहां से निजी वाहनों या फिर ट्रेन, बस से दुधवा पार्क पहुंचा जा सकता है।
90 गाइड दुधवा में सैलानियों को कराएंगे जंगल का भ्रमण
दुधवा नेशनल पार्क में इस बार गाइडों की परीक्षा का हर साल की तरह आयोजन किया गया था। इसमें दुधवा नेशनल पार्क प्रशासन द्वारा 90 गाइडों का चयन किया गया है। यह 90 गाइड दुधवा पार्क पहुंचने वाले सैलानियों को जंगल सफारी कराने के साथ ही दुधवा के बारे में ज्यादा से ज्यादा जानकारियां देने का काम करेंगे। पार्क प्रशासन की मानें तो 55 गाइड दुधवा और 35 गाइडों को किशनपुर रेंज में सैलानियों को भ्रमण करने के लिए लगाया गया है। इसके अलावा करीब 60 जिप्सी व जीनान गाड़ियां भी सैलानियों को जंगल का भ्रमण कराने के लिए तैयार की गईं हैं।