दुधवा-गौरीफंटा मार्ग पर पलटा गैस भरा टैंकर। संवाद
- फोटो : मृतक श्रमिक के परिजनों को समझाती पुलिस।
गौरीफंटा। दुधवा-गौरीफंटा मार्ग पर बृहस्पतिवार की सुबह वाहन को साइड देने के दौरान गैस टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे चालक घायल हो गया। सूचना पर गई पुलिस ने डिगनिया तिराहे पर बैरियर लगाकर इस मार्ग से आवागमन रोक दिया है। फिलहाल, गौरीफंटा की ओर जाने वाले वाहनों को चंदनचौकी से होकर गुजारा जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, पलिया की ओर से आ रहा गैस टैंकर धनगढ़ी (नेपाल) जा रहा था। इस दौरान गौरीफंटा से 11 किलोमीटर दूर दुधवा-गौरीफंटा मार्ग पर अन्य वाहन को साइड देने के दौरान टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गया। मार्ग के किनारे खड़ंजा न बिछा होने से टैंकर पलट गया। इससे चालक घायल हो गया। आसपास जाम लग गया। घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दुर्घटना के बाद गौरीफंटा पुलिस ने डिगनिया तिराहे पर एहतियातन बैरियर लगाकर उस मार्ग से आवागमन रोक दिया है। गौरीफंटा की ओर जाने वाले वाहनों को चंदनचौकी होकर गुजारा जा रहा है। इससे लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ रहा है।