- विवेकानंद एकेडमी, इंडियन एकेडमी, कैंब्रिज ने अपने-अपने बच्चों को दिए पुरस्कार
दुधवा टाइगर रिजर्व द्वारा वन्य प्राणी सप्ताह के समापन अवसर पर विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया था। जिनका स्कूल प्रबंधन ने भी उत्साहवर्धन करते हुए उनको सम्मानित किया है। इसमें शहर के इंडियन एकेडमी स्कूल, कैंब्रिज पब्लिक स्कूल और भीरा के विवेकानंद एकेडमी ने अपने-अपने बच्चों को सम्मानित किया है।
एक से सात अक्टूबर तक चले वन्य प्राणी सप्ताह में विभिन्न प्रतियोगिताएं हुईं थी। जिसमें तमाम स्कूलों के बच्चों ने प्रतिभाग किया था। सभी स्कूलों ने अपने-अपने विजेता बच्चों को सम्मानित किया है। इसमें भीरा के विवेकानंद एकेडमी में शिक्षक जायब सिंह चीमा के नेतृत्व में गई प्रतिभागी टीम में से सीनियर वर्ग की अंग्रेजी निबंध प्रतियोगिता में स्कूल की मनदीप कौर खैरा ने द्वितीय, हिंदी निबंध प्रतियोगिता में ज्योति सिंह ने तृतीय तथा जूनियर वर्ग की हिंदी निबंध प्रतियोगिता में शरनदीप कौर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया था। स्कूल के प्रबंधक अमनदीप सिंह और प्रधानाचार्या जयप्रीत कौर ने इन बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इसी तरह शहर के इंडियन एकेडमी स्कूल के नरविजय सिंह, सार्थक जायसवाल और मोहित सिंह की टीम नेचर क्विज प्रतियोगिता में रनर अप रही। इसके अलावा सीनियर वर्ग की निबंध प्रतियोगिता में स्कूल की छात्रा मारिया मुमताज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। आशु व्याख्यान प्रतियोगिता में स्कूल की आद्रिका पांडेय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रबंधक उमेश गुप्ता ने सभी को पुरस्कृत किया। जबकि कैंब्रिज पब्लिक स्कूल के छात्र जुगनू यादव ने चित्रकला प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रधानाचार्य सुनील शुक्ला ने जुगनू को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। जबकि प्रबंधक कुलदीप सिंह ने विजयी छात्र का उत्साहवर्धन किया।