निघासन चौराहे पर युवक को पीटते सिपाही।
सीओ ने जांच के बाद कार्रवाई का दिया आश्वासन
निघासन। लखीमपुर से निघासन आ रही प्राइवेट बस में सवार एक शराबी यात्री की बिना वर्दीधारी सिपाही ने बस से उतरने पर जमकर पिटाई कर दी, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। उधर, मामले में सीओ ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।
गांव पुरैना निवासी इतवारी लाल ने बताया कि अपनी बहन सरोजनी को विदा कराने के लिए लखनऊ गया था। दो बजे वह लखीमपुर से तिकुनियां जाने वाली प्राइवेट बस में सवार होकर वह निघासन आ रहा था। उसी सीट पर सादी वर्दी में थाने का सिपाही दिलदार बैठा था। बताया जाता है कि इतवारी के मुंह से शराब की बदबू आ रही थी, जिस पर सिपाही ने शराब पीकर यात्रा न करने के लिए टोका। चूंकि सिपाही सादी वर्दी में था तो इतवारी भी उससे बहस करने लगा। बस जब शाम करीब साढे़ चार बजे सदर चौराहे पर आकर रुकी तो सिपाही ने उसे बस से उतारकर पिटाई कर दी। उधर, सदर चौराहे पर मौजूद अन्य सिपाही उसे थाने ले जाने लगे। साथ में मौजूद बहन सरोजनी और अन्य लोगों के काफी खुशामद करने के बाद उसे घर जाने दिया।
सिपाही दिलदार ने बताया कि सफर के दौरान इतवारी ने उसके साथ बदतमीजी की थी, जिसके चलते उसे सबक सिखाया। वहीं, सीओ आरके जायसवाल ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।