फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lakhimpur Kheri News: ड्रग्स का धंधा...भारत-नेपाल सीमा के कई गांव बने ''उड़ता पंजाब''

विज्ञापन
विज्ञापन
धनगढ़ी। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित धनगढ़ी, कैलाली और लखीमपुर खीरी जिलों के दर्जनों गांव नशे की बढ़ती मांग के चलते ''उड़ता पंजाब'' बन गए हैं। इन गांवों में ब्राउन शुगर, गांजा, स्मैक, चरस की मांग खूब बढ़ गई है। किस कदर नशीले पदार्थ बिक रहे हैं, इसकी गवाही ढाई साल में पकड़े गए 1847 लोगों की गिरफ्तारी दे रही है। इन लोगों के कब्जे से दो क्विंटल 95 किलो चरस, तीन किलो से ऊपर ब्राउन शुगर व एक क्विंटल 45 किलो गांजा बरामद किया गया है।
विज्ञापन


लखीमपुर जिले के तिकुनियां, बेलरायां, चंदनचौकी, सौनहा, बजाही, सूंड़ा, सरियापारा, बनकटी, कजरिया, बनगवां, खजुरिया, बसही, संपूर्णानगर, पीलीभीत व उत्तराखंड के बनबसा क्षेत्र में नशे के धंधेबाज सक्रिय हैं। नेपाल के कैलाली व कंचनपुर जिले के टीकापुर, भजनी, लम्की, फुलबारी डिपोबाजार, बैलौरी, टाउन, आइबीआरडी, पुनर्वास, डोकेबाजार, धनगढ़ी उपमहानगर पालिका तहत जुगेड़ा, फुलवारी इतियादी गांव, हसुलिया, भजन में नशे का कारोबार तेजी से फैल रहा है।
धनगढ़ी पुलिस के अनुसार पांच साल में नशे का धंधा तेजी से बढ़ा है। पिछले ढाई साल की बात करें तो सुदूर पश्चिम प्रदेश में 1847 लोग नशीले पदार्थ बेचने के आरोप में पकड़े गए। जिसमें 39 भारतीय हैं। ड्रग्स का धंधा करने वालों में सर्वाधिक 30 वर्ष आयु से कम वाले हैं। नशा करने वालों में 16-25 वर्ष के युवा शामिल हैं।
विज्ञापन


सीमावर्ती मंडियों में सक्रिय हैं 35 तस्कर

नेपाल में बीते वर्षों में ब्राउन शुगर की तस्करी में पकड़े डेढ़ दर्जन भारतीय नागरिक नेपाली जेल में सजा काट रहे हैं। सीमावर्ती बाजार व मंडियों में सक्रिय 35 ड्रग्स तस्कर की नेपाल पुलिस के पास सूची है। वांटेड तस्करों के नाम फोटो सहित पुलिस कार्यालय में चस्पा हैं। वांटेड तीन युवक पलिया व बनगवां से पकड़े जा चुके हैं। कैलाली के एसपी पदम बहादुर बिष्ट के अनुसार कैलाली व कंचनपुर जिले ब्राउन शुगर के हब बन गए हैं। 18 कैरियर नेपाल में पकड़े जा चुके हैं।
एक साल में एक दर्जन से अधिक युवा पकड़े गए

पलियाकलां के सीओ यादवेंद्र यादव कहते हैं कि अवैध कारोबार में पलिया सर्किल के तहत एक वर्ष में करीब एक दर्जन से अधिक युवकों को मादक पदार्थ के साथ पकड़ा गया है। ये गिरफ्तारियां गौरीफंटा, पलिया, संपूर्णानगर, खजुरिया से हुईं। मंगलवार को भी पलिया पुलिस ने 390 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवक पकड़े थे। इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों की सुरागकशी कर उनको भी पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें