अंदेश नगर स्थित एफसीआई गोदाम के परिसर में दो ट्रकों के बीच दबकर थाना नीमगांव के बेहजम निवासी एक ट्रक के ड्राइवर 32 वर्षीय सुभाष की मौत हो गई। फूलबेहड़ थाने की सुंदरवल चौकी पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
अंदेश नगर में एफसीआई का गोदाम है। बेहजम निवासी ट्रक ड्राइवर सुभाष गोदाम से राशन लोड करने आया था। लोडिंग के दौरान ट्रक में कुछ खराबी आ गई। ट्रक को स्टार्ट होता न देख सुभाष ने हेल्पर को स्टेयरिंग थमा दी और खुद ट्रक के पीछे बांस-बल्ली लगाकर दूसरे ट्रक चालक से ट्रक में धक्का लगवाने का प्रयास करने लगा। धक्का लगाते समय अचानक बांस बल्ली टूट गई और ट्रक पीछे से सामने वाले ट्रक में घुस गया। इससे नीचे खड़ा चालक सुभाष दोनों ट्रकों के बीच दब गया। यह देख वहां हड़कंप मच गया। जब तक ट्रक हटता सुभाष की मौत हो चुकी थी। हादसा देख चालक ट्रक छोड़ मौके से भाग निकला। सूचना पर सुंदरवल चौकी इंचार्ज सुनील सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। फूलबेहड़ थाने के एसएसआई चंद्र शेखर ने बताया कि ट्रक के बीच दबकर चालक की मौत हुई है। मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। मृतक के परिवार वाले चाहेंगे तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैक्टर से कुचलकर राहगीर की मौत
बांकेगंज मार्ग पर असौआ मोड़ के पास गन्ना भरी ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आकर पैदल जा रहे राहगीर की मौत हो गई है, जिससे उसके घर में कोहराम मच गया।
कस्बा निवासी 48 वर्षीय लतीफ पैदल अपने खेत से घर जा रहा था। रास्ते में पीछे से आ रही गन्ना भरी ट्रैक्टर ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर ही गिर गया। उसके ऊपर ट्रैक्टर ट्रॉली निकल गई, जिससे लतीफ की मौके पर ही कुचलकर मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर ट्रॉली छोड़कर फरार हो गया। मृतक के दो पुत्रियां विवाहित, दो पुत्र और एक पुत्री अविवाहित है, जिनका रो रोकर बुरा हाल है।