पलियाकलां। नवजात बच्चे के इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए एक ग्रामीण ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने डॉ. एके अवस्थी और अज्ञात स्टाफ पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ग्राम टापरपुरवा निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 14 जून को उसकी पत्नी ने कस्बे के एक हॉस्पिटल में बच्चे को जन्म दिया था। बुधवार सुबह अचानक बच्चे की तबीयत बिगड़ने पर वह उसे इलाज के लिए बाइपास मार्ग स्थित एक दूसरे अस्पताल लेकर गया था।
वहां डॉक्टर ने उसका इलाज शुरू किया। मनोज का आरोप है कि डॉक्टरों और स्टाफ की घोर लापरवाही के कारण इलाज के दौरान उसके बच्चे की मौत हो गई। पीड़ित पिता ने पुलिस से प्राथमिकी दर्जकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। दूसरी ओर डॉ. एके अवस्थी ने अपनी बात की पुष्टि के लिए परिजनों के साथ हुई बातचीत का एक वीडियो भी जारी किया है। इसमें वह परिवार को बच्चे की नाजुक हालत समझाते हुए लखीमपुर भेजने की बात कह रहे हैं। डॉ. अवस्थी का कहना है कि जब बच्चे को अस्पताल लाया गया था तब उसकी हालत पहले से ही नाजुक थी। उन्होंने तुरंत लखीमपुर ले जाने की सलाह दी थी।