स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार 2017-18 के तहत चयनित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। समारोह में डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि स्वच्छता समाज के लिए आवश्यक है, लेकिन अकेले बदलाव लाना किसी के लिए संभव नहीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक ही बच्चों को प्रेरित कर समाज की दिशा बदलने में अहम योगदान दे सकते हैं।
कलक्ट्रेट सभागार में बीएसए बुद्ध प्रिय सिंह ने बताया कि 3824 विद्यालयों के सापेक्ष 2584 विद्यालयों ने स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार योजना में ऑनलाइन आवेदन किया था। इनमें कुल 16 विद्यालयों का चयन पुरस्कार के लिए हुआ है, जिनमें 15 विद्यालयों को चार सितारा और एक विद्यालय को तीन सितारा रेटिंग मिली है।
ओवरऑल अवार्ड के लिए पलिया ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय मड़वा पश्चिम की प्रधानाध्यापक अनुराधा, प्राथमिक विद्यालय पलिया के प्रधानाध्यापक देवी चरन मिश्रा, बिजुआ के उच्च प्राथमिक विद्यालय बजेड़ा के प्रधानाध्यापक वीरेंद्र कुमार शुक्ला, आदर्श विद्यालय के प्रधानाध्यापक गोकुल प्रसाद को चुना गया, जबकि अरबन एलीमेंट्री सब केटागरी रूरल वाटर के लिए कस्तूरबा गांधी विद्यालय की बबिता श्रीवास्तव, फूलमती देवी को चुना गया। इसी तरह गुठना खुर्द के प्रधानाध्यापक देवेंद्र कुमार, झरवा की प्रधानाध्यापक धौली कुमारी शर्मा, अहमदनगर के प्रधानाध्यापक राजीव कुमार, मितौली की रेनू यादव, मड़वा पश्चिम की ललित कुमारी, थरवनपुरी छेदीपुर के प्रधानाध्यापक भारत प्रसाद, मलूकापुर की प्रधानाध्यापक शांती देवी, रामनगरा के प्रधानाध्यापक तुलाराम, अछनिया के प्रधानाध्यापक पृथ्वीपाल, मिर्जापुर के प्रधानाध्यापक विनोद वर्मा और रमुआपुर के प्रधानाध्यापक विनोद कुमार वर्मा को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पीडी रामकृपाल चौधरी, डीपीआरओ चंद्रिका प्रसाद, एडीएम न्यायिक रामसुरेश वर्मा, बीईओ सुरेश पाल समेत कई ब्लॉकों के बीईओ मौजूद रहे।
वुशु चैंपियनशिप के प्रतिभागी सम्मानित
कलक्ट्रेट सभागार में डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने वाराणसी में हुई वुशु चैंपियनशिप प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया, जो परिषदीय विद्यालयों के छात्र भी हैं। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से पहली बार टॉपर बनीं रुखसार, मनमोहन, फिरोज अली, राजेश कुमार, खुशी वर्मा, कोच जितेंद्र कुमार और मैनेजर हरेकृष्ण को सम्मानित किया गया।