लखीमपुर खीरी। जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने शनिवार की शाम विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 के संबंध में मास्टर ट्रेनर्स, सेक्टर मजिस्ट्रेट, उप जिला मजिस्ट्रेट एवं बीडीओ को निर्वाचन प्रक्रिया का पीपीटी से व्यवहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने निर्वाचन के दौरान उनकी भूमिका, कर्तव्य व कार्य दायित्व बताएं। उन्होंने कहा कि आपके कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी है, इसलिए उसका कुशलतापूर्वक निर्वहन करें।
सभी एसडीएम एवं सीओ संयुक्त रूप से आवंटित क्षेत्रों का एक बार फिर से भ्रमण करते हुए रूट प्लान एवं कम्युनिकेशन प्लान अवश्य देख लें। इस दौरान अपने क्षेत्रों में आने वाले सभी मतदान केंद्रों में जरूरी एवं मुकम्मल इंतजाम की पड़ताल भी अवश्य करें। डीएम ने ईवीएम का प्रशिक्षण देकर सवाल पूछे। इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन की बैलट यूनिट, कंट्रोल यूनिट एवं वीवीपैट की व्यवहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने ईवीएम के सभी उपकरणों के संयोजन एवं उसके संचालन की बारीकी से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जो मतदान कार्मिक प्रशिक्षण के दौरान या पोलिंग पार्टी के रवानगी के दौरान देरी से रिपोर्ट करेंगे उनकी एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने कहा इसमें किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशिक्षण में सीडीओ अनिल कुमार सिंह, एडीएम संजय सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग सिंह, सभी एसडीएम, बीडीओ, 91 मास्टर ट्रेनर, 25 सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।
डीएम-एसपी ने भ्रमण कर मतदेय स्थलों पर की मूलभूत सुविधाओं की पड़ताल
लखीमपुर खीरी। शनिवार को करीब एक बजे रिमझिम बारिश के बीच जिला निर्वाचन अधिकारी, डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के साथ विधानसभा 142 लखीमपुर के मतदेय स्थलों का भ्रमणकर के मूलभूत सुविधाओं की पड़ताल की। मतदान केंद्र धर्म सभा इंटर कॉलेज एवं प्राथमिक विद्यालय, उच्च प्राथमिक विद्यालय नौरंगाबाद में जाकर उनमें स्थापित सभी मतदान केंद्रों पर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मूलभूत सुविधाओं की पड़ताल की। इस दौरान उन्होंने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/ उप जिला मजिस्ट्रेट (सदर) राजेश कुमार को बूथों की बैरिकेडिंग सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं हेतु आवश्यक एवं जरूरी निर्देश दिए।