संपूर्णानगर में ट्रॉफी के साथ विजेता टीम।: संवाद
संपूर्णानगर। सिंगाही खुर्द छठ घाट खेल मैदान में आयोजित डॉ. भीमराव आंबेडकर क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब संपूर्णानगर डीजे इलेवन ने अपने नाम कर लिया। शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में डीजे इलेवन ने बसही की टीम को 27 रनों से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया।
डीजे इलेवन के कप्तान पंकज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। शुरुआती झटके के बाद आकाश की शानदार 44 रनों की पारी की बदौलत टीम ने निर्धारित 12 ओवरों में 111 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बसही की टीम डीजे इलेवन की सटीक गेंदबाजी के आगे टिक नहीं सकी। तेज गेंदबाज अनिकेत पाल ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके, जबकि मनोज ने तीन विकेट लिए। पूरी बसही टीम महज 84 रनों पर सिमट गई।
मुख्य अतिथि पलिया ब्लॉक प्रमुख वीरेंद्र शुक्ल, भाजपा विधानसभा संयोजक शैलेंद्र सिंह और डॉ. बाबू राम ने डीजे इलेवन को 11 हजार रुपये नकद और शील्ड, उप विजेता बसही को 51 सौ रुपये नकद और शील्ड तथा पूरे टूर्नामेंट में 10 विकेट लेने और 40 रन बनाने वाले अनिकेत पाल को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक प्रमुख ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने का सबसे अच्छा माध्यम है।
उन्होंने स्थानीय टीमों को क्रिकेट और फुटबॉल किट देने का आश्वासन भी दिया। मैच के संचालन में देवेंद्र सिंह काके, बंटी सिंह, यश खान और अयान का विशेष योगदान रहा। इस मौके पर प्रमोद तथा विश्वनाथ आदि खेल प्रेमी मौजूद रहे।