28 अक्तूबर से चार नवंबर तक होगा आयोजन
नसिरूद्दीन मौजी मैदान में शुरू हो गईं तैयारियां
लखीमपुर खीरी। कोरोना में सुस्त पड़े कारोबार को दिवाली मेला कुछ रफ्तार देगा, ऐसी उम्मीद पटरी व अन्य दुकानदारों को है। आठ दिनों तक चलने वाले मेले का आगाज 28 अक्तूबर और समापन चार नवंबर को दिवाली वाले दिन होगा। मेला कराने की जिम्मेदारी नगर पालिका की है। नसिरूद्दीन मौजी मैदान में इसकी तैयारियां भी शुरू हो गई हैं।
कोरोना के कारण पिछले साल मार्च से लेकर इस साल मई तक हर वर्ग का कारोबार प्रभावित रहा। त्योहार से लेकर शादी ब्याह तक लोग बंदिशों में मनाने को मजबूर हो गए। ऐसे में पटरी दुकानदारों से लेकर बड़े कारोबारियों का व्यापार बेपटरी हो गया। हालांकि मई के बाद कोरोना की रफ्तार बेहद सुस्त हो गई। इससे त्योहार से लेकर सहालगों पर छाए बंदिशों के बादल भी छंटने शुरू हो गए। फिलहाल बाजार पूरी तरह से खुल गया है। बेपटरी कारोबार भी धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगा है।
28 से चार नवंबर तक होगा दिवाली मेला
दिवाली मेला 28 नवंबर को शुरू होगा और चार नवंबर तक चलेगा। इसको लेकर नसिरूद्दीन मौजी मैदान में पांडाल भी लगने लगा है। मेले में दीपावली त्योहार से संबंधित दुकानों के साथ खानपान के स्टॉल और बच्चों के मनोरजंन के लिए झूले भी लगाए जाएंगे। दुकान आवंटन में नगर पालिका में पंजीकृत के अलावा विद्युत झालर, मिट्टी के दीपक एवं पूजन सामग्री की दुकान लगाने वालों को प्राथमिकता मिलेगी।
सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे आयोजित
शुरूआत के तीन दिन तक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। इसके लिए मंच बनेगा। इसका उद्देश्य मेले में आने वालों को स्वच्छता अपनाने, संक्रामक रोगों से बचाव एवं कोविड टीकाकरण कराने आदि के बारे में जागरूक करना है। एलसीडी लगाकर साढ़े चार साल की योगी सरकार की उपलब्धियों का भी प्रचार प्रसार होगा।
दिवाली मेला पटरी दुकानदारों के लिए काफी उपयोगी रहेगा, क्योंकि कोरोना के कारण पिछले डेढ़ साल काम धंधा पूरी तरह बंद रहा। अब त्योहार से पहले कम से कम कुछ कमाई तो हो जाएगी।
- सुरेश कुमार
कोरोना के कारण न तो पिछले साल दशहरा मेला लगा था और न ही इस बार। वैसे मेले में अच्छी कमाई हो जाती थी। दिवाली मेला लगने से कुछ तो राहत मिलेगी।
- नसीम खान
मेला लगाने का निर्णय काफी अच्छा है। कम से कम त्योहार से पहले हम छोटे दुकानदारों को कमाई का मौका तो मिलेगा। वैसे तो इस महंगाई में त्योहार मना पाना काफी मुश्किल हो रहा था।
- रमेश कुुमार
दिवाली मेला हम ठेला लगाने वालों के घर में उजाला करने में उपयोगी साबित होगा, क्योंकि कोरोना और उसके बाद महंगाई के कारण त्योहार मनाने की उम्मीद ही छोड़ दी थी।
- मुकेश अवस्थी
दिवाली मेला 28 अक्तूबर से नसिरूद्दीन मैदान में शुरू होगा। करीब 50 दुकानें लगेंगी। डीएम इसके अध्यक्ष हैं। उनके निर्देशानुसार ही मेले का आयोजन होगा। फिलहाल हमारी तैयारी शुरू हो गई हैं।
- आरआर अंबेष, अधिशाषी अधिकारी, नगर पालिका, लखीमपुर