लखीमपुर खीरी। जिले के नोडल अधिकारी एवं मंडलायुक्त रंजन कुमार बृहस्पतिवार को सीएचसी बेहजम पहुंचे। उन्होंने टीकाकरण कार्य की समीक्षा कर इसकी रफ्तार बेहद धीमी मिलने पर अधीक्षक को फटाकर लगाते हुए लक्ष्य के अनुरूप शत प्रतिशत वैक्सीनेशन कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएचसी में वैक्सीनेशन के लिए लाइन में खड़े लोगों से बातचीत कर दूसरों को भी वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित करने को कहा। वहीं समीक्षा में वैक्सीनेशन की गति धीमी मिलने, दूसरी डोज लगवाने वालों की संख्या भी बेहद कम मिलने पर जताकर कमिश्नर ने अधीक्षक डॉ. अनिल वर्मा को फटकार लगाई। साथ ही कंट्रोल रूम से ड्यू लिस्ट (टीके की दूसरी डोज लगाने से वंचित) में सूचीबद्ध लोगों को फोन कर उनके गांव के नजदीक शिविर लगाकर टीकाकरण कराने को कहा। इसी के वैक्सीनेशन को लेकर बनाई गई कार्ययोजना, इसकी प्रगति और दूसरी डोज से वंचित लोगों की लिस्ट तलब की। इसमें खामियां देखकर मंडलायुक्त ने कहा कि कार्ययोजना इस तरह बनाकर काम करें कि शुक्रवार को प्रत्येक केंद्र पर कम से कम 500 लोगों का टीकाकरण हो सके। इस दौरान डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, सीडीओ अनिल कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. शैलेंद्र भटनागर सहित एसीएमओ आदि मौजूद रहे।
डीआईओएस को छात्रों का वैक्सीनेशन कराने के निर्देश
सीएचसी सभागार में बैठक कर नोडल अफसर रंजन कुमार ने डीआईओएस ओपी त्रिपाठी से 15 से 18 साल तक के छात्रों वाले विद्यालय और उनमें पढ़ने वाले छात्रों की संख्या पूछी। डीआईओएस के जवाब देने पर उन्होंने कहा कि सभी 207 विद्यालयों के प्रधानाचार्य से बात कर शुक्रवार को छात्रों को बुलाकर उनका वैक्सीनेशन कराएं। इसके लिए सीएमओ से मिलकर कॉलेज वार शिविर की सूची तैयार कराएं। उन्होंने कहा कि इस बात का ध्यान रखें कि 15 से 18 साल की आयु तक का कोई भी छात्र टीकारकण से वंचित नहीं रहना चाहिए।
ऑपेरटर से पूछा कितनों को किया फोन
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने ऑपरेटर मनोज कुमार से दिन भर में फोन करने वालों की संख्या पूछी। इस पर 162 लोगों को फोन करने दूसरी डोज नजदीकी केंद्र पर लगवाने की जानकारी देना बताया।