छात्राओं को दी जाएगी प्रोत्साहन राशि
उत्तर प्रदेश पंजाबी अकादमी के उपाध्यक्ष हरपाल सिंह जग्गी ने एलआरपी रोड के गेस्ट हाउस में गुरुवार को पत्रकारों को बताया कि पंजाबी भाषा और संस्कृति को बढ़ावा दिए जाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, इसके लिए हर जिले में पंजाबी भाषा के प्रशिक्षण केंद्र खोले जाएंगे। इसी के साथ उन्होंने भविष्य में पंजाबी अकादमी की ओर से किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी जानकारी दी। अकादमी के उपाध्यक्ष हरपाल सिंह जग्गी ने बताया कि 20 अक्तूबर को लखनऊ में अकादमी के बढ़ते कदम की समीक्षा बैठक, 24 अक्तूबर को कानपुर में पंजाबी कवि दरबार, नवंबर के दूसरे सप्ताह में हापुड़ में साहित्यिक गोष्ठी, पंजाबी महोत्सव, दिसंबर माह में मासिक पखवाड़ा, जनवरी में पंजाबी महासम्मेलन, 26 जनवरी की परेड में पंजाबी झांकी निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि हर जिले में 45 दिनों का एक पंजाबी भाषा का प्रशिक्षण शिविर चलाया जाएगा, जिसमें पाठ्य सामग्री नि:शुल्क दी जाएगी। इसी के साथ पंजाबी प्रवेशिका का प्रकाशन भी होगा। अकादमी के उपाध्यक्ष ने बताया कि एकल प्रोत्साहन योजना के तहत छात्राओं को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इस दौरान कई लोग मौजूद रहे।