प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य पद का निर्वाचन हाल में संपन्न हुए जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत सदस्य चुनाव की तर्ज पर ही चार चरणों में संपन्न होगा। इसके लिए प्रशासन ने चरणवार ब्लाकों की सूची जारी करते हुए मतदाताओं के आवेदनों की जांच, फीडिंग और प्रकाशन की तिथि तय कर दी है।
पहले चरण में 27 नवबंर को मोहम्मदी, पसगवां, मितौली और बेहजम ब्लाक में मतदान होगा तो दूसरे चरण में एक दिसंबर को बांकेगंज, बिजुआ, कुंभी और फूलबेहड़ में मतदान कराया जाएगा। इसी तरह तीसरे चरण में पांच दिसंबर को धौरहरा, ईसानगर, नकहा और लखीमपुर ब्लाक में वोटिंग होगी। वहीं चौथे चरण के लिए नौ दिसंबर को पलिया, निघासन और रमियाबेहड़ में मतदान कराने की तिथि तय की गई है। इसी क्रम में 12 दिसंबर को वोटों की गिनती की जाएगी और परिणामों की घोषणा की जाएगी।
प्रशासन ने दोनों पदों पर होने वाले चुनाव के लिए तैयारियां तेज कर दी है। एडीएम एसपी सिंह ने बताया कि प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य पद पर निर्वाचन के लिए कतिपय कारणों से पात्र व्यक्तियों के छूटे हुए नामों को मतदाता सूची में शामिल करने, नामों का संशोधन और अपात्र व्यक्तियों के नामों को विलोपित करने के लिए दो नवंबर से सात नवंबर तक सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालयों में प्राप्त किए जाएंगे। पहले चरण में आठ नवंबर से 17 नवंबर, दूसरे चरण में आठ से 20 नवंबर, तीसरे चरण में आठ से 23 नवंबर और चौथे चरण मेें आठ से 28 नवंबर तक प्राप्त आवेदनों की जांच, उनकी फीडिंग, प्रूफ फीडिंग और प्रकाशन का कार्य किया जाएगा।
27 नवंबर को पहला चरण
एक दिसंबर को दूसरा चरण
पांच दिसंबर को तीसरा चरण
नौ दिसंबर को चौथा चरण