धौरहरा। कोतवाली क्षेत्र के गुलरीपुरवा गांव निवासी जिला बदर अपराधी ने गांव में दहशत फैलाने के इरादे से पड़ोसी के घर में हथियार बंद साथियों के साथ दिनदहाड़े घुसकर बुजुर्ग का सिर फोड़ दिया। बचाव करने आईं घर की महिलाओं और बच्चों को भी पीटा। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है।
गांव निवासी रामप्रसाद पुत्र साहेबदीन ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके गांव में जिला बदर अपराधी धीरज यादव अपने भाई देशराज व राजेश, रामू शनिवार शाम घर में गाली-गलौज करते हुए हाथों में बांका, गड़ासा, लाठी लेकर दाखिल हो गए और उन्हें पीटने लगे। बचाव करने भतीजा दिलेराम और घर की महिलाएं आईं तो उन्हें भी पीटा। आरोपियों ने सिर पर धारदार हथियार मार दिया, जिससे उनका सिर फट गया। प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।