डिपो के बस मालिकों की हड़ताल लाई रंग
डग्गामार वाहनों के खिलाफ अनुबंधित बस मालिकों की हड़ताल का असर दिखने लगा है। डग्गामार वाहनों की धरपकड़ के लिए एआरटीओ ने शनिवार को एआरएम के साथ एलआरपी चौराहे पर चेकिंग की, जिससे हड़कंप मच गया।
लखीमपुर डिपो के अनुबंधित बस मालिकों ने शुक्रवार को डग्गामार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर चक्का जाम किया था, जिससे निगम के अधिकारियों में हड़कंप मच गया था। हालांकि हड़ताल समाप्त कराने के लिए हरदोई आरएम और एसएम के अलावा एआरएम लखीमपुर ने काफी प्रयास किए, लेकिन बस मालिकों ने किसी की नहीं चलने दी। दिन भर बसें न चलने से जहां यात्रियों को दिक्कत का सामना करना पड़ा वहीं डिपो को भी आर्थिक क्षति हुई। देर शाम एआरटीओ पीके सिंह, सीओ सिटी, एआरएम वीके गोस्वामी और बस मालिकों के बीच वार्ता हुई, जिसमें एआरटीओ द्वारा डग्गामार वाहनों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिए जाने पर बस मालिकों ने अपनी हड़ताल खत्म की थी। एआरटीओ ने डग्गामार वाहनों पर कार्रवाई करने के लिए शनिवार को एलआरपी चौराहे पर चेकिंग की। एआरटीओ की चेकिंग परिवहन निगम के लिए मुफीद साबित हुई।
एआरएम वीके गोस्वामी का कहना है कि डग्गामार वाहनों के खिलाफ रोजाना अभियान चलेगा। किसी भी कीमत पर डग्गामारी नहीं होने दी जाएगी।